16 चौके, 11 छक्के और 180 रन... अंकुल कुमार ने मचाया तूफान, 199 रन से जीती किरण क्रिकेट एकेडमी
अंकुल कुमार
किरण क्रिकेट एकेडमी ने PCTC क्रिकेट क्लब को 199 रनों के बड़े अंतर से हराकर एकदिवसीय फाइनल जीत लिया. अंकुल कुमार ने 118 गेंदों में 180 रनों की तूफानी पारी खेली.
Ankul Kumar 180 runs: जहानाबाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एयरोड्रोम में खेले गए एकदिवसीय फाइनल मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी ने PCTC क्रिकेट क्लब को 199 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. इस जीत के हीरो रहे अंकुल कुमार, जिन्होंने महज 118 गेंदों में 180 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मुकाबले की तस्वीर ही बदल दी.
16 चौके और 11 छक्के के साथ अंकुल ने ठोके 180 रन
टॉस जीतकर किरण क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम की शुरुआत को अंकुल कुमार ने बड़ी पारी में बदल दिया. उन्होंने 118 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौके और 11 छक्कों की मदद से 180 रन बनाए.
अंकुल की पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने मैदान के चारों तरफ तेजी से रन बटोरे. उनकी इस पारी ने टीम को 40 ओवर में 334/8 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उनके अलावा आदित्य कुमार ने 69 गेंदों में 58 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया. वहीं आयुष अवध नंदन ने अंत में 18 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया.
ये भी पढ़ें: VIDEO: 'चोर...चोर, ट्रॉफी चोर', मोहसिन नकवी को देखते ही गूंजा स्टेडियम, वीडियो हुआ वायरल
किरण क्रिकेट एकेडमी की पारी
| बल्लेबाज | रन | गेंद | चौके | छक्के |
| अंकुल कुमार | 180 | 118 | 16 | 11 |
| आदित्य कुमार | 58 | 69 | 7 | 1 |
| आयुष अवध नंदन | 25* | 18 | — | — |
| कुल | 334/8 | 40 ओवर |
335 रन के लक्ष्य के सामने PCTC की बल्लेबाजी ढही
335 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी PCTC क्रिकेट क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही. किरण क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा. PCTC की ओर से रौशन कुमार ने 34 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि जाक ने 29 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली. इनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. पूरी टीम 26.3 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह किरण क्रिकेट एकेडमी ने मुकाबला 199 रनों से अपने नाम कर लिया.
गेंद से भी दिखा किरण क्रिकेट एकेडमी का दबदबा
बल्ले से 180 रन बनाने के बाद अंकुल की टीम के गेंदबाजों ने भी विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. आयुष अवध नंदन ने 4 विकेट लेकर PCTC की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. वहीं कप्तान आयुष रंजन ने 3 विकेट चटकाकर जीत को एकतरफा बना दिया और 199 रन से जीत हासिल कर ली.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया में नहीं मिली जगह, अब इंग्लैंड के लिए खेलेंगे मुकेश कुमार; इस टीम के लिए करेंगे डेब्यू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए