आयरलैंड को हराकर नामीबिया ने रचा इतिहास, पहली बार टेस्ट खेलने वाले देश से जीती वनडे सीरीज
नामीबिया क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
नामीबिया ने आयरलैंड को पांचवें वनडे में 5 विकेट से हराकर सीरीज 3-2 से जीत ली. यह पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ नामीबिया की पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत है. जेजे स्मिट ने 4 विकेट लेकर जीत की नींव रखी.
Namibia Beat Ireland: नामीबिया क्रिकेट टीम ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. रविवार को खेले गए पांचवें और आखिरी मुकाबले में नामीबिया ने आयरलैंड को 5 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली. इसके साथ ही नामीबिया ने पहली बार किसी पूर्ण सदस्य देश (Full Member Nation) के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती है.
नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए निर्णायक मुकाबले में मेजबान टीम के गेंदबाजों ने पहले आयरलैंड को महज 129 रन पर समेट दिया. इसके बाद बल्लेबाजों ने 21.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के हीरो तेज गेंदबाज जेजे स्मिट रहे, जिन्होंने 20 रन देकर 4 विकेट झटके.
129 रन पर सिमटी आयरलैंड की टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत खराब रही. टीम ने 6 रन के स्कोर पर टिम टेक्टर (5) का विकेट गंवा दिया. इसके बाद कैड कारमाइकल और हैरी टेक्टर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नामीबिया के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा.
कैड कारमाइकल ने 57 गेंदों में 27 रन बनाए. वहीं, कप्तान लॉरेन टकर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. आयरलैंड की मुश्किलें 22वें ओवर में और बढ़ गईं. जेजे स्मिट ने इस ओवर में लॉरेन टकर, कर्टिस कैंफर और जॉर्ज डॉकरेल को आउट कर दिया.
स्मिट के पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन तीसरी गेंद पर डॉकरेल ने कोई रन नहीं बनाया. हालांकि, अगली ही गेंद पर स्मिट ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. इस ओवर में उन्होंने तीन विकेट हासिल किए और एक भी रन नहीं दिया. आयरलैंड की टीम एक समय 84 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद जॉर्डन नील ने 25 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को 129 रन तक पहुंचाया. नामीबिया की ओर से जेजे स्मिट ने 4 और जैक ब्रैसेल ने 3 विकेट झटके.
ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड के खिलाफ फ्लॉप रहे ये 3 खिलाड़ी, श्रीलंका सीरीज से पहले टीम इंडिया से हो सकती है छुट्टी
21.2 ओवर में नामीबिया ने हासिल किया लक्ष्य
130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया को माइकल वैन लिंगेन और लॉरेन स्टीनकैम्प ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े. लिंगेन 40 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद स्टीनकैम्प ने जान फ्रिलिंक (9) के साथ 28 रन की साझेदारी की. वह 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इस समय टीम का स्कोर 74 रन था.
यहां से मलान क्रूगर और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने पारी को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी हुई. क्रूगर ने 15 और इरास्मस ने 30 रन बनाए. नामीबिया ने 21.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. आयरलैंड की ओर से मैथ्यू हम्फ्रीज ने 2 विकेट लिए, जबकि जय मूंदड़ा और गैविन होए को एक-एक सफलता मिली.
पहले मैच में हारी, फिर लगातार दो जीत से बनाई बढ़त
पांच मैचों की इस सीरीज में नामीबिया और आयरलैंड के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. आयरलैंड ने पहला वनडे 55 रन से जीतकर बढ़त बनाई थी. इसके बाद नामीबिया ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा मैच 31 रन और तीसरा मुकाबला 63 रन से जीत लिया.
आयरलैंड ने चौथे वनडे में 130 रन से जीत दर्ज कर सीरीज 2-2 से बराबर कर दी थी. ऐसे में पांचवां मुकाबला निर्णायक बन गया. यहां नामीबिया ने पांच विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली. यह जीत नामीबिया के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि अब उसने पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ अपनी पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत दर्ज कर ली है.
ये भी पढ़ें: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे-टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान, स्टार्क-कमिंस समेत 3 गेंदबाज बाहर
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए