इंग्लैंड के खिलाफ वनडे-टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान, स्टार्क-कमिंस समेत 3 गेंदबाज बाहर
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
इंग्लैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने वनडे और टी20 टीम का ऐलान कर दिया है. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड को आराम मिला है, जबकि जेक फ्रेजर-मैकगर्क की वापसी हुई है.
Australia Squad: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम अब इंग्लैंड से भिड़ने की तैयारी में है. दोनों देशों के बीच 13 नवंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी. इसके बाद 21 नवंबर से पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी. इस व्हाइट बॉल सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दोनों टीमों का ऐलान कर दिया है.
चयनकर्ताओं ने इस दौरे के लिए कई अहम बदलाव किए हैं. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख तेज गेंदबाजों को आराम दिया गया है. वहीं, युवा ओपनर जेक फ्रेजर-मैकगर्क की टीम में वापसी हुई है. वह करीब डेढ़ साल बाद ऑस्ट्रेलिया की इंटरनेशनल टीम में नजर आएंगे. इसके अलावा 21 वर्षीय तेज गेंदबाज माहली बियर्डमैन को वनडे और टी20 दोनों टीमों में जगह मिली है.
स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड को क्यों मिला आराम?
ऑस्ट्रेलिया ने अपने तीन प्रमुख तेज गेंदबाजों को इंग्लैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज से बाहर रखा है. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड को आराम दिया गया है. ऑस्ट्रेलिया को दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी खेलनी है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अपने प्रमुख खिलाड़ियों के वर्कलोड को संभालना चाहता है.
इस बीच युवा तेज गेंदबाज माहली बियर्डमैन को दोनों फॉर्मेट में मौका दिया गया है. 21 साल के इस गेंदबाज ने 11 फर्स्ट क्लास मैचों में 21 विकेट लिए हैं. भारत दौरे पर इंडिया ए के खिलाफ भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था.
जेक फ्रेजर-मैकगर्क की वापसी
ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम में जेक फ्रेजर-मैकगर्क की वापसी सबसे खास है. उन्होंने अपना पिछला इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. अब उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए चुना गया है.
टी20 टीम में अनकैप्ड लैचलान शॉ और सैम हार्पर को भी मौका मिला है. वहीं, अनुभवी स्पिनर एडम जम्पा वनडे और टी20 दोनों टीमों में शामिल हैं. उनसे स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद होगी. तेज गेंदबाज नाथन एलिस वनडे सीरीज में उपलब्ध नहीं रहेंगे. वह सितंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगी साइड स्ट्रेन की चोट से अभी तक पूरी तरह नहीं उबरे हैं. हालांकि, उन्हें टी20 टीम में जगह दी गई है.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली के निशाने पर 3 खास रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड दौरे पर सचिन तेंदुलकर को भी छोड़ सकते हैं पीछे
">Introducing an exciting Australian men's squad ready to face our oldest rivals in a white-ball series kicking off in Perth on November 13! 🇦🇺🏴 #AUSvENG https://t.co/HPvqGGUzgb
— Cricket Australia (@CricketAus) November 2, 2026
ये खिलाड़ी सिर्फ वनडे सीरीज में खेलेंगे
ऑस्ट्रेलिया के कुछ प्रमुख टेस्ट खिलाड़ियों को टी20 सीरीज से आराम दिया गया है. ट्रेविस हेड, मैट रेनशॉ, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस और कूपर कोनोली सिर्फ वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे. ये खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबलों में नहीं खेलेंगे.
इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी20 टीम
वनडे टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, माहली बियर्डमैन, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, कैमरून ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट और एडम जम्पा.
टी20 टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, माहली बियर्डमैन, निखिल चौधरी, टिम डेविड, जोएल डेविस, जैक एडवर्ड्स, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, सैम हार्पर, स्पेंसर जॉनसन, मिच ओवेन, लैचलान शॉ और एडम जम्पा.
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड सीरीज का पूरा शेड्यूल
| मैच | तारीख | मैदान | भारतीय समय |
| पहला वनडे | 13 नवंबर | पर्थ | सुबह 9:00 बजे |
| दूसरा वनडे | 15 नवंबर | एडिलेड | सुबह 9:00 बजे |
| तीसरा वनडे | 18 नवंबर | होबार्ट | सुबह 9:00 बजे |
| पहला टी20 | 21 नवंबर | मेलबर्न | दोपहर 1:45 बजे |
| दूसरा टी20 | 24 नवंबर | कारारा | दोपहर 1:45 बजे |
| तीसरा टी20 | 27 नवंबर | ब्रिस्बेन | दोपहर 1:45 बजे |
| चौथा टी20 | 29 नवंबर | सिडनी | दोपहर 1:45 बजे |
| पांचवां टी20 | 2 दिसंबर | कैनबरा | दोपहर 1:45 बजे |
ये भी पढ़ें: WTC Points Table: साउथ अफ्रीका से हारते ही पहले से तीसरे नंबर पर पहुंची ऑस्ट्रेलिया, जानें किस नंबर पर है टीम इंडिया
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए