न्यूजीलैंड को लगा दोहरा झटका, भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन
रचिन रवींद्र (फोटो- सोशल मीडिया)
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को दोहरा झटका लगा है. रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण पांच मैचों की पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं.
IND vs NZ ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज से पहले मेजबान न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं. टीम के दो प्रमुख खिलाड़ी रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. दोनों खिलाड़ी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं.
रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन क्यों हुए बाहर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दोनों खिलाड़ियों के सीरीज से बाहर होने की पुष्टि की है. मार्क चैपमैन को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में खेलते समय बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. हाल ही में हुए MRI स्कैन के बाद उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए दो सप्ताह और रिहैबिलिटेशन की जरूरत बताई गई है.
वहीं, रचिन रवींद्र को एक प्रमोशनल शूट के दौरान दाएं कंधे में चोट लगी थी. इस घटना में उनका कंधा अपनी जगह से खिसक गया था. न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, उनका कंधा अभी इतनी अच्छी स्थिति में नहीं है कि वह सफेद गेंद के क्रिकेट में पूरी क्षमता के साथ फील्डिंग कर सकें.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: टी20 सीरीज जीतने के बाद अब वनडे की बारी, 4 नवंबर को एक्शन में दिखेगी 'रो-को' की जोड़ी
न्यूजीलैंड ने इन खिलाड़ियों को दिया मौका
दो प्रमुख खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद न्यूजीलैंड ने टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल किया है. विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट को शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए टीम में बुलाया गया है. उन्हें पहले ही सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए चुना गया था.
इसके अलावा हेनरी निकोल्स शुरुआती तीन मैचों में खेलेंगे, जबकि ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो वनडे के लिए टीम से जुड़ेंगे. तेज गेंदबाज मैट फिशर को अब पांचों मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है. पहले उन्हें केवल आखिरी दो मुकाबलों के लिए टीम में जगह मिली थी.
तेज गेंदबाज मैट हेनरी की फिटनेस पर भी नजर रहेगी. दाएं पैर की मांसपेशियों में हल्की चोट के कारण वह भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी तीन मैच नहीं खेल पाए थे. वह 2 नवंबर को टीम के साथ जुड़ेंगे. इसके बाद उनकी उपलब्धता पर फैसला लिया जाएगा.
भारत के खिलाफ पहले 3 वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर
भारत के खिलाफ 4-5 वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 5th T20I: न्यूजीलैंड ने आखिरी टी20 मैच 7 विकेट से किया अपने नाम, 3-2 से भारत ने जीती सीरीज
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए