जिसे मेसी ने गोद में खिलाया, वही यमाल अब फाइनल में देगा चुनौती

Updated:
विज्ञापन
यमाल को गोद में लिए लियोनेल मेसी (एक्स)

यमाल को गोद में लिए लियोनेल मेसी (एक्स)

Lamine Yamal vs Messi World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा. जानें मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और 16 साल बाद खिताब की तलाश में उतरे स्पेन की ऐतिहासिक भिड़ंत की पूरी कहानी.

विज्ञापन

Lamine Yamal vs Messi World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला अब तय हो चुका है. फुटबॉल जगत की निगाहें उस ऐतिहासिक भिड़ंत पर टिक गई हैं, जिसमें स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे. एक ओर मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना अपनी बादशाहत कायम रखने के इरादे से मैदान में उतरेगा, तो दूसरी ओर स्पेन 16 साल बाद फिर से वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने का सपना लेकर खेलेगा. इस फाइनल मुकाबले की सबसे दिलचस्प कहानी मैदान पर सिर्फ दो टीमों की टक्कर नहीं, बल्कि दो पीढ़ियों के मिलन की भी होगी. अर्जेंटीना के कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी के सामने स्पेन के युवा स्टार लमीन यमाल होंगे. कभी जिस बच्चे को मेसी ने अपनी गोद में खिलाया था, वही बच्चा अब फुटबॉल की दुनिया में उनके सामने चुनौती बनकर खड़ा होगा.

जब नन्हे लैमिन यमाल पर पड़ी मेसी की छाया

यह कहानी साल 2007 की है. उस समय लियोनेल मेसी सिर्फ 18 साल के थे और दुनिया उन्हें फुटबॉल के उभरते हुए सितारे के रूप में पहचानने लगी थी. मेसी ने अपना पहला फीफा वर्ल्ड कप भी खेल लिया था और उनका नाम तेजी से बड़े खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो रहा था. उसी दौरान मेसी ने यूनिसेफ के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. कार्यक्रम के दौरान एक फोटोशूट रखा गया, जिसमें उन्हें एक छोटे बच्चे के साथ तस्वीर खिंचवानी थी. वह बच्चा सिर्फ 6 महीने का था और उसका नाम था लमिन यमाल. फोटोशूट के दौरान मेसी ने नन्हे यमाल को अपनी गोद में उठाया और उसके साथ समय बिताया. उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह तस्वीर भविष्य में फुटबॉल इतिहास की सबसे खास तस्वीरों में से एक बन जाएगी.

6 महीने का बच्चा बना स्पेन का सबसे बड़ा सितारा

लमिन यमाल अब 19 साल के हो चुके हैं और स्पेन की राष्ट्रीय टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं. अपनी तेज रफ्तार, शानदार ड्रिब्लिंग और मैच बदलने की क्षमता के दम पर उन्होंने कम उम्र में ही फुटबॉल की दुनिया में खास पहचान बना ली है. मेसी और यमाल की वह तस्वीर करीब 17 साल तक निजी रही. साल 2024 में पहली बार यह तस्वीर सार्वजनिक हुई और देखते ही देखते दुनियाभर में वायरल हो गई. इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर इसे "द बिगनिंग ऑफ टू लेजेंड्स" यानी "दो दिग्गजों की शुरुआत" जैसी प्रतिक्रिया मिली.

फाइनल में अनुभव बनाम युवा जोश की जंग

अब जब अर्जेंटीना और स्पेन विश्व कप फाइनल में आमने-सामने होंगे, तो मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं बल्कि दो अलग-अलग दौर के खिलाड़ियों के बीच भी होगा. अर्जेंटीना के पास मेसी जैसा अनुभवी नेतृत्व है, जिसने टीम को लगातार दूसरे विश्व कप फाइनल तक पहुंचाया है. वहीं स्पेन के पास लमिन यमाल जैसी युवा प्रतिभा है, जो टीम के भविष्य का चेहरा माने जा रहे हैं. स्पेन इससे पहले 2010 में विश्व कप फाइनल में पहुंचा था और तब उसने खिताब अपने नाम किया था. अब 16 साल बाद टीम एक बार फिर ट्रॉफी जीतने के करीब है. दूसरी तरफ अर्जेंटीना अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से उतरेगा.

न्यूयॉर्क में होगा फुटबॉल का सबसे बड़ा मुकाबला

स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 20 जुलाई को न्यूयॉर्क स्टेडियम में खेला जाएगा. पूरी दुनिया की नजर इस मुकाबले पर होगी, क्योंकि इसमें एक तरफ फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शामिल लियोनेल मेसी होंगे और दूसरी तरफ नई पीढ़ी के सबसे चमकदार सितारों में से एक लमिन यमाल. जिस बच्चे ने कभी मेसी की गोद में बैठकर दुनिया की नजरें खींची थीं, अब वही युवा खिलाड़ी उनके सामने विश्व कप ट्रॉफी के लिए मुकाबला करेगा. फुटबॉल की यह कहानी आने वाले वर्षों तक याद रखी जाएगी.

इसे भी पढ़े- अर्जेंटीना की जीत का जश्न बना विवाद, खिलाड़ियों पर राजनीतिक बैनर दिखाने का आरोप


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola