FIFA World Cup 2026 Final: फाइनल से पहले लियोनेल मेसी का भावुक पोस्ट, टीम के लिए कही यह बड़ी बात

लियोनेल मेसी और फीफा वर्ल्ड कप 2026 ट्रॉफी (एक्स)
Lionel Messi emotional message: फीफा वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले लियोनेल मेसी ने टीम के नाम एक भावुक संदेश भेजा. जानें मेसी ने क्या कहा और अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत क्या है.
Lionel Messi emotional message: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से ठीक एक दिन पहले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने अपनी टीम के नाम एक बेहद भावुक संदेश साझा किया है. स्पेन के खिलाफ होने वाले खिताबी मुकाबले से पहले 39 वर्षीय मेसी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी नजर में सबसे बड़ी उपलब्धि सिर्फ ट्रॉफियां नहीं, बल्कि टीम के साथ बिताया गया पूरा सफर और आपसी रिश्ते हैं. मेसी ने अपने संदेश के साथ अर्जेंटीना टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ की एक ग्रुप फोटो भी साझा की. इस तस्वीर के जरिए उन्होंने यह दिखाने की कोशिश की कि टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और पारिवारिक माहौल है.
View on Instagram
मेसी का भावुक संदेश
अपने भावुक संदेश में मेसी ने लिखा कि बीते वर्षों की सबसे खूबसूरत यादें केवल खिताब जीतने की नहीं हैं, बल्कि टीम के साथ बिताए गए हर पल की हैं. उन्होंने लिखा, "इन सभी वर्षों की सबसे खूबसूरत बात सिर्फ खिताब नहीं रहे, बल्कि पूरा सफर रहा. इस समूह के साथ हर दिन बिताना, साथ मिलकर मुकाबला करना, मुश्किल समय में एक-दूसरे को संभालना और हर कदम का आनंद लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि रही है." मेसी ने साफ किया कि टीम की असली ताकत खिलाड़ियों के बीच भरोसा, दोस्ती और एक-दूसरे के लिए समर्पण है.
कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ का भी जताया आभार
मेसी ने अपने संदेश में केवल खिलाड़ियों का ही नहीं, बल्कि कोच लियोनेल स्कालोनी के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ और टीम के सपोर्ट स्टाफ का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया. उन्होंने लिखा, "मेरे हर साथी खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और उन सभी शानदार लोगों का धन्यवाद, जो हर दिन इस राष्ट्रीय टीम को एक परिवार बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं. कल जो भी हो, यह समूह पहले ही ऐसी कहानी लिख चुका है जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे और जिसे कोई मिटा नहीं सकता. वामोस अर्जेंटीना."
अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत
पिछले कुछ वर्षों में अर्जेंटीना की सफलता के पीछे केवल शानदार प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि टीम के भीतर मजबूत एकता और आपसी विश्वास को भी बड़ी वजह माना जाता है. कप्तान मेसी कई मौकों पर इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि ड्रेसिंग रूम का माहौल और खिलाड़ियों के बीच गहरा जुड़ाव ही टीम को कठिन परिस्थितियों से बाहर निकालता है. फाइनल से पहले आया उनका यह संदेश भी उसी भावना को दर्शाता है और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है.
तीसरा वर्ल्ड कप फाइनल खेलेंगे मेसी
स्पेन के खिलाफ होने वाला मुकाबला लियोनेल मेसी के करियर का तीसरा फीफा वर्ल्ड कप फाइनल होगा. इससे पहले वह 2014 में जर्मनी के खिलाफ फाइनल में उतरे थे, जहां अर्जेंटीना को हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद उन्होंने 2022 में अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाया और लंबे इंतजार के बाद देश को तीसरा वर्ल्ड कप दिलाया. अब मेसी लगातार दूसरे विश्व कप खिताब के साथ अपने ऐतिहासिक करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ने की कोशिश करेंगे.
स्पेन होगी बड़ी चुनौती
फाइनल में अर्जेंटीना के सामने मजबूत और संतुलित स्पेनिश टीम होगी. स्पेन पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले तक पहुंचा है. ऐसे में फुटबॉल प्रेमियों को दो दिग्गज टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है. हालांकि अर्जेंटीना को भरोसा है कि टीम की एकजुटता, अनुभव और मेसी की कप्तानी उन्हें एक बार फिर इतिहास रचने का मौका दे सकती है.
इसे भी पढ़े- FIFA World Cup 2026 Closing Ceremony: मेटलाइफ स्टेडियम में जुटेंगे ग्लोबल स्टार्स, जानिए कौन-कौन होंगे शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










