Krunal Pandya: अफगानिस्तान सीरीज में शामिल नहीं होने के बाद छलका क्रुणाल पांड्या का दर्द, इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की अपनी फीलिंग्स
क्रुणाल (फोटो—एक्स)
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह न मिलने पर क्रुणाल पांड्या ने इंस्टाग्राम पर एक खास मैसेज शेयर किया है. 'उम्मीद अभी भी जिंदा है' लिखकर उन्होंने वापसी की उम्मीद जताई है.
Krunal Pandya: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन अनुभवी ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या एक बार फिर टीम में जगह बनाने से चूक गए. चयनकर्ताओं ने अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर पर भरोसा जताया है, जबकि क्रुणाल को एक बार फिर बाहर रहना पड़ा. टीम में जगह नहीं मिलने के बाद क्रुणाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक छोटा-सा संदेश शेयर किया, जिसने उनकी भावनाओं को बयां कर दिया.
क्रुणाल पांड्या ने लिखा- ‘Hope is still alive’
अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया में चयन नहीं होने के बाद क्रुणाल पांड्या ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “Hope is still alive” यानी ‘उम्मीद अभी भी जिंदा है’. इस संदेश के साथ उन्होंने उंगलियां क्रॉस करने वाली इमोजी और भारतीय तिरंगे का इस्तेमाल किया.
क्रुणाल की यह पोस्ट बताती है कि उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद अभी छोड़ी नहीं है. वह लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं और आखिरी बार 2021 में श्रीलंका दौरे पर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले थे. इसके बाद से वह लगातार घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में प्रदर्शन के जरिए वापसी की कोशिश कर रहे हैं.
अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर पर चयनकर्ताओं का भरोसा
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत के स्क्वाड में अक्षर पटेल को बरकरार रखा गया है. वहीं, वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम में जगह मिली है, हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी. अक्षर का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वह बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे थे. इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा बनाए रखा. वहीं, क्रुणाल का नाम अक्षर के संभावित विकल्प के तौर पर चर्चा में होने की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन अंत में उन्हें टीम में जगह नहीं मिली.
पांच साल से टीम इंडिया में वापसी का इंतजार
क्रुणाल पांड्या ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2021 में श्रीलंका दौरे पर खेला था. इसके बाद से वह लगातार वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं. हालांकि, लंबे समय से टीम से बाहर होने के बावजूद उन्होंने क्रिकेट खेलना और खुद को साबित करना जारी रखा है. इस साल की शुरुआत में क्रुणाल ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि अब वह चयन के बारे में ज्यादा नहीं सोचते, लेकिन देश के लिए दोबारा खेलने की उम्मीद हमेशा बनी रहती है. क्रिकेट के प्रति उनका प्यार ही उन्हें लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है.
ये भी पढ़ें: ZIM vs SA T20: ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंची साउथ अफ्रीका की टीम, जिम्बाब्वे को 43 रन से हराया
RCB के लिए भी दिखाया दम
आईपीएल में क्रुणाल पांड्या का प्रदर्शन उनकी वापसी की दावेदारी को मजबूत करता रहा है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उन्होंने लगातार दो खिताबी सीजन में अहम योगदान दिया है. आईपीएल 2025 में क्रुणाल ने 17 विकेट हासिल किए थे, जबकि 2026 सीजन में उनके नाम 14 विकेट रहे. गेंदबाजी के साथ-साथ उन्होंने निचले क्रम में बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया. आईपीएल 2026 में क्रुणाल ने 9 पारियों में 226 रन बनाए. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 37.66 और स्ट्राइक रेट 145.80 रहा. उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया.
Afghanistan के खिलाफ भारत की 15 सदस्यीय टीम
श्रेयरस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा (फिटनेस के आधार पर)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए