IND vs SL 2nd Test: भारत खेलेगा विदेशी जमीन पर 300वां टेस्ट, गिल-जडेजा के पास खास रिकॉर्ड का मौका
भारत बनाम श्रीलंका (फोटो—एक्स)
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा. शुभमन गिल 3000 रन और जडेजा 50 कैच पूरे करने के करीब हैं. यह भारत का विदेशी धरती पर 300वां टेस्ट मैच होगा.
Ind vs Sl Test Match: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा. गॉल में पहला टेस्ट 165 रन से जीतकर भारत सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुका है. अब शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की नजर सीरीज 2-0 से अपने नाम करने पर है. यह मुकाबला भारत के लिए ऐतिहासिक भी होगा, क्योंकि टीम विदेशी जमीन पर अपना 300वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगी.
गिल के पास 3000 टेस्ट रन पूरा करने का मौका
कप्तान शुभमन गिल के पास कोलंबो टेस्ट में बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का मौका है. गिल ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में 2,993 रन बनाए हैं. वह सिर्फ 7 रन बनाते ही 3,000 टेस्ट रन पूरे कर लेंगे. इसके अलावा गिल टेस्ट क्रिकेट में 50 छक्के पूरे करने से भी सिर्फ तीन कदम दूर हैं. उनके नाम फिलहाल 47 टेस्ट छक्के हैं. कोलंबो में तीन छक्के लगाते ही वह इस आंकड़े तक पहुंच जाएंगे.
यशस्वी भी बड़ी पारी के लिए तैयार
ओपनर यशस्वी जायसवाल भी कोलंबो में बड़ी पारी खेलना चाहेंगे. पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में शतक लगाने के बाद उनकी पिछली 8 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक आया है. गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में जायसवाल असिथा फर्नांडो की शॉर्ट गेंद पर कट खेलने की कोशिश में विकेट के पीछे कैच हो गए थे. इसके बाद कोलंबो के नेट्स में उन्होंने इस शॉट पर काम किया.
तीसरे स्पिनर पर फैसला बाकी
भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा चयन सवाल तीसरे स्पिनर को लेकर है. गॉल टेस्ट में कुलदीप यादव ने दोनों पारियों में कुल 25 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ एक विकेट हासिल किया. वह टीम के सबसे महंगे गेंदबाज भी रहे. ऐसे में उनकी जगह ऑफ स्पिनर सारांश जैन को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, कुलदीप को प्लेइंग-11 से बाहर करना अभी तय नहीं है. स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतेले ने उनका बचाव किया है. उनका कहना है कि एक मैच के प्रदर्शन के आधार पर किसी खिलाड़ी का आकलन नहीं किया जाना चाहिए. ऐसे में अंतिम फैसला पिच और टीम कॉम्बिनेशन को देखते हुए लिया जाएगा.
सुथार-जडेजा की स्पिन जोड़ी पर भी रहेंगी नजरें
गॉल टेस्ट में मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दोनों पारियों में कुल 10 विकेट हासिल किए थे. उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए. कोलंबो की पिच पर भी मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है. ऐसे में मानव सुथार और रवींद्र जडेजा की भूमिका बेहद अहम हो सकती है. अगर पिच से टर्न और उछाल मिलता है, तो दोनों श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं.
जडेजा के पास भी दो बड़े रिकॉर्ड का मौका
रवींद्र जडेजा कोलंबो टेस्ट में दो खास उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 399 चौके हैं. एक चौका लगाते ही वह 400 टेस्ट चौकों का आंकड़ा छू लेंगे. इसके अलावा जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक 49 कैच पकड़े हैं. एक और कैच लेते ही उनके 50 टेस्ट कैच पूरे हो जाएंगे.
जीत से WTC में चौथे स्थान पर पहुंच सकता है भारत
गॉल में जीत के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2026-27 की अंक तालिका में 53.33 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है. कोलंबो टेस्ट जीतकर सीरीज 2-0 से क्लीन स्वीप करने पर भारत का पॉइंट्स प्रतिशत 57.58 तक पहुंच सकता है. ऐसे में दूसरे टेस्ट में जीत भारत को WTC अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचने की दौड़ में मजबूत स्थिति में ला सकती है. इसलिए कोलंबो टेस्ट भारत के लिए सीरीज जीत के साथ-साथ WTC के लिहाज से भी काफी अहम है.
संभावित प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन/कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज.
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, निशान फर्नांडो, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सोनल दिनूषा, केशरा नुवानथा, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए