VIDEO: मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश पर बरपाया कहर, फिर पत्नी एलिसा हीली ने पूछा- डिनर का बिल अब तुम भरोगे?
स्टार्क ने अपनी वाइफ को दिया इंटरव्यू (फोटो—एक्स)
मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पहली ही गेंद पर विकेट लेकर तहलका मचा दिया. उन्होंने 6 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई. शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने पत्नी एलिसा हीली को इंटरव्यू भी दिया, जिसकी मजेदार बातचीत वायरल हो रही है.
Mitchell Starc Alyssa Healy Video: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन अपनी तूफानी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया. मैके में खेले जा रहे मुकाबले में स्टार्क ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया और इसके बाद बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर ऐसा कहर बरपाया कि पूरी टीम महज 64 रन पर ढेर हो गई. स्टार्क ने अपनी शानदार गेंदबाजी के बाद पत्नी और ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान एलिसा हीली को इंटरव्यू भी दिया. इस दौरान दोनों के बीच हुई मजेदार बातचीत अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
पहली इनिंग में लिए 6 विकेट
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मिचेल स्टार्क ने टीम के फैसले को सही साबित करने में जरा भी देर नहीं लगाई. पारी की पहली ही गेंद पर उन्होंने शादमान इस्लाम को आउट कर दिया. इसके बाद स्टार्क ने तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक और लिटन दास को भी अपना शिकार बनाया. शुरुआती स्पेल में ही उन्होंने बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. स्टार्क ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 6 मेडन के साथ सिर्फ 12 रन देकर 6 विकेट हासिल किए. पैट कमिंस ने तीन और जोश हेजलवुड ने एक विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी को 64 रन पर समेट दिया.
स्टार्क की पत्नी ने पूछा- अब डिनर का बिल तुम भरोगे?
शानदार गेंदबाजी के बाद स्टार्क का इंटरव्यू उनकी पत्नी एलिसा हीली ने लिया. मैदान पर क्रिकेट से जुड़े सवालों से पहले हीली ने उनसे मजेदार अंदाज में घर के डिनर बिल का हिसाब पूछ लिया. हीली ने चुटकी लेते हुए कहा कि पिछली रात के डिनर का बिल उन्होंने भरा था, तो अब अगली बार भुगतान करने की स्टार्क की बारी होनी चाहिए. पत्नी के इस सवाल पर स्टार्क मुस्कुराने लगे और उन्होंने मजेदार जवाब दिया कि तुम मुझसे ज्यादा कमाती हो. स्टार्क और हीली की इस हल्की-फुल्की नोकझोंक ने इंटरव्यू को और दिलचस्प बना दिया. दोनों के बीच की बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है.
हार के बाद स्टार्क ने ऐसे किया पलटवार
बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. ऐसे में दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर वापसी का दबाव था. स्टार्क ने बताया कि पिछली हार के बाद टीम में वापसी को लेकर काफी जज्बा था.
उन्होंने कहा कि टीम इस मुकाबले में परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहती थी. क्वींसलैंड के खिलाड़ियों से मिली जानकारी के मुताबिक मैके की पिच पर गाबा जैसी उछाल और गति मिलने की उम्मीद थी. हमने इसका फायदा उठाया.
स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में रचा बड़ा रिकॉर्ड
बांग्लादेश के खिलाफ इस शानदार स्पेल के साथ मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में एक खास उपलब्धि भी हासिल की. वह टेस्ट मैच की पहली गेंद पर चार बार विकेट लेने वाले गेंदबाजों की खास सूची में पहुंच गए हैं. इसके अलावा स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में अपने विकेटों की संख्या भी 440 के पार पहुंचा दी. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए