IND vs AFG: अरुण जेटली स्टेडियम में इतिहास रचेंगे वैभव सूर्यवंशी? निशाने पर होगा ये रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- एक्स)
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट में डेब्यू के साथ ही रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है. अब अफगानिस्तान के खिलाफ एक और खास रिकॉर्ड उनके नाम हो सकता है. जानें अब कौन सा रिकॉर्ड वैभव कर सकते हैं अपने नाम?
Vaibhav Sooryavanshi Record: वैभव सूर्यवंशी ने दो महीने पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया है. डेब्यू के समय से ही वैभव के रिकॉर्ड की लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है. अब अफगानिस्तान के खिालफ पहले टी20 मुकाबले में वैभव के पास भारत में एक और खास रिकॉर्ड बनाने का मौका है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले में अगर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग में शामिल किया जाता है तो वह मैदान पर उतरते ही फुल मेंबर क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.
वैभव के नाम पहले से कई रिकॉर्ड
वैभव ने इसी साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था. इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करते ही वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बन गए थे. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा था.
अब उनकी नजर एक और खास रिकॉर्ड पर है. अभी तक भारत में किसी विदेशी पूर्ण सदस्य टीम के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के तौर पर अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान का नाम आता है. मुजीब ने 2018 में भारत के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में 17 साल 78 दिन की उम्र में खेला था.
भारत में सबसे कम उम्र में खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी
| खिलाड़ी | टीम | उम्र | फॉर्मेट | भारत में मुकाबला |
| वैभव सूर्यवंशी* | भारत | 15 साल | टी20 | अफगानिस्तान के खिलाफ, दिल्ली, 2026 |
| मुजीब उर रहमान | अफगानिस्तान | 17 साल 78 दिन | टेस्ट | भारत के खिलाफ, बेंगलुरु, 2018 |
| वकार सलामखेल | अफगानिस्तान | 17 साल 164 दिन | टेस्ट | आयरलैंड के खिलाफ, देहरादून, 2019 |
| इब्राहिम जादरान | अफगानिस्तान | 17 साल 337 दिन | टी20 | वेस्टइंडीज के खिलाफ, लखनऊ, 2019 |
| इकराम अलीखिल | अफगानिस्तान | 18 साल 167 दिन | टेस्ट | आयरलैंड के खिलाफ, देहरादून, 2019 |
- वैभव का नाम रिकॉर्ड में तभी जुड़ेगा जब वह अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में मैदान पर उतरेंगे.
राशिद और नबी भी बनाएंगे रिकॉर्ड
अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ वैभव की नजर रिकॉर्ड पर नहीं होगी. अनुभवी मोहम्मद नबी भी एक अहम रिकॉर्ड के करीब हैं. उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2500 रन पूरे करने के लिए 52 रन की जरूरत है. वहीं राशिद खान भी 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने से सिर्फ सात विकेट दूर हैं. ऐसे में भारत-अफगानिस्तान सीरीज में युवा वैभव के रिकॉर्ड और अफगानिस्तान के अनुभवी सितारों के माइलस्टोन, दोनों पर नजर रहेगी.
एशियन गेम्स से पहले बड़ा मौका
भारत के लिए भी यह सीरीज काफी अहम है. अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मुकाबले एशियन गेम्स से पहले टीम की तैयारी का हिस्सा हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अलग-अलग खिलाड़ियों को मौका देकर अपनी सही संयोजन तलाश सकता है. वैभव के लिए यही सबसे बड़ा फायदा हो सकता है. अगर उन्हें मौका मिलता है, तो उनके पास रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ एशियन गेम्स की टीम में अपनी दावेदारी और मजबूत करने का मौका होगा.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: पहले टी20 में बारिश बिगाड़ेगी खेल या होगा कोई उलटफेर? जानें कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए