रांची में फुटबॉल का महाकुंभ शुरू, भव्य उद्घाटन समारोह के साथ 135वें डूरंड कप का आगाज

Updated:
विज्ञापन

डूरंड कप ओपनिंग (फोटो- सोशल मीडिया)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रांची में 135वें डूरंड कप का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ. एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ. पहला मैच जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला गया.

विज्ञापन

एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियनऑयल डूरंड कप का रविवार को रांची के मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में भव्य और रंगारंग अंदाज में आगाज हुआ. उद्घाटन समारोह में राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए 135वें डूरंड कप के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं. उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया और पूरे परिसर में फुटबॉल का उत्साह साफ देखने को मिला.

विज्ञापन

समारोह की शुरुआत भारतीय सेना के चीता हेलिकॉप्टर के फ्लाई-पास्ट से हुई, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इसके बाद सेना के पाइप एंड ड्रम (पोप) बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.

गोरखा बटालियन और सिख रेजिमेंट की शानदार प्रस्तुति

इसके बाद गोरखा बटालियन के जवानों ने 'कंधे से मिलते हैं कंधे' और 'वंदे मातरम' जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी. वहीं सिख रेजिमेंट के जवानों ने पारंपरिक भांगड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.

समारोह का आकर्षण डूरंड कप के आधिकारिक थीम गीत 'खेलेंगे... खेलेंगे... दिल से खेलेंगे' पर कलाकारों की शानदार प्रस्तुति रही. रंग-बिरंगी रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति से सराबोर प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया.

उद्घाटन मैच में जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी आमने-सामने

उद्घाटन समारोह के बाद रांची में टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका) से बीच में खेला जा रहा है.

जमशेदपुर एफसी की प्लेइंग इलेवन

अल्बिनो गोम्स (गोलकीपर), प्रतीक चौधरी, प्रवात लकड़ा अभिषेक अंबेकर, सौरव दास, प्रणय हल्दर (कप्तान, लालह्रियातपुइया, रेनियर फर्नांडिस, अमन सीके, मोहम्मद सनन, देवेंद्र मुरगांवकर. सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी: अमृत, निखिल, सार्थक, रोनाल्डो, लीवान, राशिथोई, जुआला, सचिन, एल्विन और प्रफुल.

डिफेंडर्स एफसी की प्लेइंग इलेवन

प्रियाशन (गोलकीपर), इसुरू, मदुशन (कप्तान), हर्षा, अरविंथ, डी सिल्वा, जोसेफ, चमोद, शिफान, सुपुन, थलात. सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी: हलीम (गोलकीपर), धनुषन, रुमेश, अफलाल, एकानायके, आशिक, चतुरंगा, आकेश, कुमारगे और संदारास.

झारखंड में फुटबॉल को मिलेगा नया मंच

रांची में डूरंड कप के आयोजन को झारखंड में फुटबॉल के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. स्थानीय फुटबॉल प्रेमियों को देश के शीर्ष क्लबों और अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा. उद्घाटन समारोह में उमड़ी भारी भीड़ ने यह भी दिखा दिया कि झारखंड में फुटबॉल के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है.

ये भी पढ़ें: जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच मैच से डूरंड कप की शुरुआत, 24 टीमें लेंगी हिस्सा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola