इटली को लगा झटका, कप्तान वेन मैडसन पहले ही मैच में बाहर, स्कॉटलैंड ने दिया 208 का टारगेट

Updated at : 09 Feb 2026 1:22 PM (IST)
विज्ञापन
SCO vs ITA Wayne Madsen Injured

वेन मैडसन

SCO vs ITA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली के कप्तान वेन मैडसन स्कॉटलैंड के खिलाफ पहले ही मैच में गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं. बायां कंधा डिस्लोकेट होने के कारण वह मैदान से बाहर हो गए. उधर स्कॉटलैंड ने जार्ज मुन्सी और माइकल लीस्क की तूफानी बैटिंग से 208 रन का टारगेट दिया है.

विज्ञापन

SCO vs ITA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही इटली की टीम के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत बेहद खराब रही. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में इटली के कप्तान वेन मैडसन (Wayne Madsen) गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला इटली पर भारी पड़ गया. मैच के दौरान ही कप्तान मैडसन को मैदान छोड़कर जाना पड़ा और अब खबर है कि वह इस मैच में दोबारा हिस्सा नहीं ले पाएंगे. 42 साल के अनुभवी खिलाड़ी का इस तरह बाहर होना इटली के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है.

पावरप्ले में लगी थी चोट

मैच के चौथे ओवर में यह घटना घटी. स्कॉटलैंड के बल्लेबाज जॉर्ज मुन्सी ने एक करारा शॉट खेला जिसे रोकने के लिए वेन मैडसन ने अपनी बाईं ओर जोरदार डाइव लगाई. हालांकि वह गेंद को रोक नहीं पाए और बाउंड्री के पास बनी प्रैक्टिस पिच पर कंधे के बल जा गिरे. गिरते ही वह दर्द से कराहने लगे और तुरंत फिजियो को मैदान पर आना पड़ा. शुरुआती जांच के बाद कमेंटेटर इयान बिशप ने पुष्टि कर दी कि मैडसन का बायां कंधा डिस्लोकेट हो गया है. इस गंभीर चोट के कारण उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया.

टीम मैनेजमेंट की बढ़ी मुश्किलें

कप्तान का पहले ही मैच में चोटिल होना इटली टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बन गया है. मैडसन न केवल टीम के कप्तान हैं बल्कि सबसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं. उनकी गैरमौजूदगी में टीम कॉम्बिनेशन पूरी तरह बिगड़ गया है. अब मैनेजमेंट को मैच के बीच में ही नई रणनीति बनानी होगी. अभी यह साफ नहीं है कि मैडसन को ठीक होने में कितना समय लगेगा, लेकिन अगर वह अगले कुछ मैचों से बाहर होते हैं तो इटली का वर्ल्ड कप अभियान पटरी से उतर सकता है. उनकी चोट की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही मेडिकल रिपोर्ट आने की उम्मीद है.

मुन्सी की तूफानी बल्लेबाजी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड ने इटली के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. जॉर्ज मुन्सी ने एक छोर संभाले रखा और इटली के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए. मुन्सी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 54 गेंदों का सामना किया और मैदान के चारों ओर 13 चौके और 2 छक्के लगाए. मुन्सी के आउट होने के बाद ब्रैंडन मैकमुलेन ने मोर्चा संभाला और 41 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को मजबूती दी.

लीस्क ने आखिरी ओवर में मचाया कोहराम

पारी का असली रोमांच आखिरी ओवर में देखने को मिला. माइकल लीस्क ने आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी. लीस्क ने पारी के अंतिम ओवर में सिर्फ 5 गेंदे खेलीं और 22 रन ठोक दिए. उन्होंने अपनी इस छोटी सी कैमियो पारी में 2 चौके और 2 छक्के लगाए. लीस्क की इस आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. अब इटली को यह मुकाबला जीतने के लिए 208 रन बनाने होंगे जो ईडन गार्डन्स की पिच पर आसान नहीं होगा.

ये भी पढ़ें-

इटली को मिला 208 रन का टारगेट, स्कॉटलैंड के लिए मुन्सी ने लगाई फिफ्टी

वीडियो: गंभीर के घर टीम इंडिया की दावत, नामीबिया मैच से पहले बनी जीत की रणनीति

स्कॉटलैंड के खिलाफ इटली ने जीता टॉस, पहले चुनी बॉलिंग, देखें दोनों की प्लेइंग XI

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola