रमजान के 28वें दिन पाकिस्तान की नापाक हरकत, अफगानिस्तान पर हमला, क्रिकेटर्स का छलका दर्द

काबुल अस्पताल पर एयर स्ट्राइक, अफगान खिलाड़ियों ने जताया दुख
Kabul Hospital Pakistan Airstrike: पाकिस्तान ने काबुल के एक अस्पताल पर एयर स्ट्राइक की है जिसमें 400 लोगों की जान चली गई. इस हमले से अफगानिस्तान के क्रिकेटर्स गहरे सदमे में हैं. राशिद खान, मोहम्मद नबी और उमरजई ने अपना दुख और गुस्सा जाहिर करते हुए न्याय की मांग की है.
Highlights
Kabul Hospital Pakistan Airstrike: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल पर एयर स्ट्राइक कर दी है. इस हमले में कई मासूम लोगों की जान चली गई. अफगानिस्तान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार इस भीषण हमले में अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है. इस घटना ने पूरे अफगानिस्तान को झकझोर दिया है. वहीं देश के स्टार क्रिकेटर्स इस घटना पर अपना दुख और गुस्सा जाहिर किया है.
मोहम्मद नबी ने बयां किया दर्द
पूर्व अफगान कप्तान मोहम्मद नबी ने दिल झकझोर देने वाली बात लिखी है. उन्होंने कहा कि काबुल में आज रात अस्पताल में उम्मीद की किरण खत्म हो गई. जो युवा लड़के वहां अपना इलाज करा रहे थे, उन्हें पाकिस्तानी सेना ने बम धमाके में मार डाला. नबी ने बताया कि अस्पताल के गेट पर माएं इंतजार कर रही थीं और अपने बेटों को पुकार रही थीं. रमजान की 28वीं रात को इन मासूमों की जान चली गई.
राशिद खान ने की यूएन जांच की मांग
राशिद खान ने एक्स पर इस घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने लिखा कि काबुल में पाकिस्तानी एयर स्ट्राइक से आम नागरिकों की मौत की खबर सुनकर वह बहुत दुखी हैं. राशिद ने कहा कि आम लोगों के घरों, शिक्षण संस्थानों या मेडिकल सुविधाओं को निशाना बनाना एक वार क्राइम है. रमजान के पवित्र महीने में इंसानी जान की इस तरह परवाह ना करना बहुत ही घृणित काम है. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार एजेंसियों से इस मामले की गहरी जांच करने और दोषियों को सजा देने की मांग की. राशिद ने भरोसा जताया कि उनका देश इस मुश्किल वक्त से बाहर निकलेगा.
उमरजई ने बताया आंखों देखा हाल
क्रिकेटर अजमतुल्लाह उमरजई ने भी घटना पर अपना दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज रात काबुल में एक बहुत तेज धमाका हुआ. इसके तुरंत बाद पाकिस्तानी हवाई हमले में बर्बाद हुए अस्पताल से आसमान में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. रमजान के महीने में रोजा खोलने के बाद कई मासूमों की जान चली गई और बहुत से लोग घायल हो गए. उमरजई ने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जो इस वक्त शोक में हैं. उन्होंने न्याय और शांति के लिए प्रार्थना की.
इब्राहिम जादरान ने भी जताया गहरा दुख
बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने भी इस हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि उन्होंने काबुल में एक जोरदार धमाका सुना और कुछ ही देर बाद अस्पताल से आग की लपटें उठती देखीं. जादरान ने कहा कि उनके जो भाई कल रोजा रखने वाले थे, वे अब इस दुनिया में नहीं रहे या बुरी तरह घायल हैं. उन्होंने शोक मनाने वाले परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं और कहा कि काबुल दर्द में है. हम न्याय की दुआ करते हैं.
क्रिकेटरों का दर्द और अफगानिस्तान का शोक
काबुल में हुए इस हमले ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. क्रिकेट जगत भी इस घटना से अछूता नहीं है. अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने हमेशा खेल के मैदान पर अपने देश का नाम रोशन किया है. आज वे अपनों को खोने के गम में डूबे हैं. यह हमला मानवता पर एक बड़ा प्रहार है. सभी खिलाड़ी इस भारी संकट के समय में अपने देशवासियों के साथ मजबूती से खड़े हैं.
ये भी पढ़ें-
मेरी जगह टीम को कोचिंग दें… गंभीर ने धोनी को लेकर दिया बयान
अफगान तालिबान का आरोप: काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान का हमला, 400 लोगों की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




