‘ईशान’दार कैच ने लपका मैच, टीम इंडिया ने बदला इतिहास, बना चैंपियन

ईशान किशन का शानदार कैच
Ishan Kishan Catch: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब जीत लिया है. इस मैच में ईशान किशन ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर डाइव लगाकर एक शानदार कैच पकड़ा. ईशान ने मैच में फिफ्टी भी लगाई और तीन अहम कैच पकड़े.
Highlights
Ishan Kishan Catch: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा ईशान किशन (Ishan Kishan) के एक कैच की हो रही है. ईशान ने बाउंड्री पर ऐसा कैच पकड़ा जिसने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया.
ईशान का डाइविंग कैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लिया था. बुमराह ने यही कमाल न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में भी करके दिखाया. पारी के चौथे ओवर में कप्तान ने बुमराह को बॉलिंग के लिए बुलाया. बुमराह ने आते ही अपनी पहली गेंद पर न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज रचिन रविंद्र को आउट कर दिया. लेकिन बुमराह को यह विकेट पूरी तरह से ईशान किशन की शानदार फील्डिंग की वजह से मिला.
हाथ से छिटकी गेंद को हवा में दोबारा पकड़ा
बुमराह ने बल्लेबाज को फंसाने के लिए एक धीमी गेंद फेंकी थी. इस गेंद पर रचिन रविंद्र ने लेग साइड की दिशा में फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद पूरी तरह से बल्ले पर नहीं आई और हवा में ऊंची उठ गई. बैकवर्ड स्क्वायर लेग बाउंड्री पर खड़े ईशान किशन ने गेंद पर नजर बनाए रखी. वह तेजी से आगे की तरफ भागे और डाइव लगाते हुए गेंद को पकड़ लिया. लेकिन जमीन पर गिरने के झटके से गेंद उनके हाथ से छिटक कर निकल गई. ईशान ने इसके बाद हार नहीं मानी और गिरते हुए ही गेंद को दोबारा पकड़ लिया.
फाइनल मुकाबले में ईशान ने लपके तीन कैच
मैच में ईशान का जलवा सिर्फ इसी कैच तक सीमित नहीं था. उन्होंने पूरे मैच में कमाल की फील्डिंग की और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. इस खिताबी मुकाबले में ईशान ने कुल तीन अहम कैच पकड़े. उन्होंने रचिन रविंद्र के अलावा टिम सीफर्ट और खतरनाक बल्लेबाज डेरिल मिचेल का कैच भी पकड़कर उन्हें पवेलियन वापस भेजा. इन कैच की वजह से न्यूजीलैंड की टीम कभी भी वापसी नहीं कर पाई.
बल्ले से भी किया कमाल, भारत बना चैंपियन
फील्डिंग के अलावा ईशान किशन ने बैटिंग से भी भारत की जीत में बड़ा योगदान दिया. भारत ने फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. इस पारी में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन ने भी अपनी फिफ्टी पूरी की. 256 रन के टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 19वें ओवर में केवल 159 रन पर ही सिमट गई. साल 2007 और 2024 के बाद भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है.
ये भी पढ़ें-
विश्व विजेता भारत: न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत ने जीता टी20 वर्ल्ड कप
Watch: मैदान पर हुआ बवाल, अर्शदीप सिंह पर भड़क गए डेरिल मिशेल
फाइनल में खूब गरजा अभिषेक शर्मा का बल्ला, 18 गेंद पर फिफ्टी जड़ चौंकाया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




