सरहद पार गूंज रहा वैभव सूर्यवंशी का नाम, IPL बैन के बावजूद पाकिस्तान में खूब हो रही चर्चा
वैभव सूर्यवंशी के फैन हुए पाकिस्तानी क्रिकेटर (फोटो-सोशल मीडिया)
आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का जलवा पाकिस्तान तक पहुंच गया है. भले ही पाकिस्तान में आईपीएल का प्रसारण बैन हो, लेकिन युवा भारतीय बल्लेबाज के प्रदर्शन की वहां जमकर चर्चा हो रही है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि खेल में राष्ट्रीयता नहीं, बल्कि प्रदर्शन मायने रखता है.
Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वैभव ने 16 मैचों की 16 पारियों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की. उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की चर्चा सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी हो रही है.
हालांकि पाकिस्तान में आईपीएल का आधिकारिक प्रसारण बैन है, इसके बावजूद वैभव के प्रदर्शन को लेकर वहां के क्रिकेट विशेषज्ञ और प्रशंसक लगातार चर्चा कर रहे हैं. पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज बासित अली ने भी युवा भारतीय बल्लेबाज की खुलकर सराहना की है.
खिलाड़ी की राष्ट्रीयता नहीं बल्कि प्रदर्शन मायने रखता है
खलीज टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में बासित अली ने कहा कि उनके लिए किसी खिलाड़ी की राष्ट्रीयता नहीं, बल्कि उसका प्रदर्शन मायने रखता है. उन्होंने कहा, “मैं अपने यूट्यूब चैनल पर क्रिकेट का विश्लेषण करता हूं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बात करता हूं. मैं कभी यह नहीं देखता कि खिलाड़ी किस देश का है. चाहे वह भारत, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका या वेस्टइंडीज से हो, अगर उसने अच्छा प्रदर्शन किया है तो मैं उसकी तारीफ करता हूं.”
वैभव की आलोचना भी की थी
बासित अली ने वैभव से जुड़ी एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “अंडर-19 एशिया कप के दौरान जब वैभव ने एक पाकिस्तानी गेंदबाज के साथ अनुचित व्यवहार किया था, तब मैंने उनकी आलोचना की थी और सलाह दी थी कि उन्हें अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए. अब यह देखकर खुशी होती है कि उन्होंने अपनी ऊर्जा क्रिकेट में लगाई और शानदार प्रदर्शन करके सबका दिल जीत लिया.”
खेल में राजनीति की कोई जगह नहीं होनी चाहिए
पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज ने आगे कहा कि खेल की दुनिया में सीमाओं और राजनीति के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. उनके अनुसार, “मेरे दर्शक मुझसे निष्पक्ष और ईमानदार राय की उम्मीद करते हैं. मैं हमेशा खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनके प्रदर्शन के आधार पर करता हूं. खेल की कोई सीमा नहीं होती और इसे राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए.”
यह भी पढ़ें: रवि शास्त्री के ‘दूध वाले सवाल’ पर वैभव का मजेदार जवाब, सुनकर छूट जाएगी आपकी हंसी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए