लाइव मैच में हादसा, दर्द से कराह उठा पाकिस्तानी, स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा अस्पताल

मैच में चोटिल हुए हुसैन तलत, Pic- Social Media/X
Hussain Talat Injured: ढाका में खेले गए पाकिस्तान और बांग्लादेश के दूसरे वनडे मैच में एक बड़ा हादसा हो गया. बाउंड्री पर फील्डिंग करते समय पाकिस्तानी खिलाड़ी हुसैन तलत होर्डिंग से टकराकर बुरी तरह घायल हो गए. कंधे में गहरी चोट के कारण उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है.
Highlights
Hussain Talat Injured: ढाका में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान ने DLS नियम के तहत जीत दर्ज की. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 47.3 ओवर में 274 रन बनाकर सिमट गई थी. जिससे बांग्लादेश को 275 रनों का लक्ष्य मिला. जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत काफी खराब रही. इसी बीच मैदान पर एक गंभीर हादसा हुआ. फील्डिंग करते समय पाकिस्तान के 30 साल के ऑलराउंडर हुसैन तलत बुरी तरह घायल हो गए. उनके बाएं कंधे में गहरी चोट आई. दर्द ज्यादा होने के कारण उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजना तय हुआ.
बाउंड्री पर कैसे हुआ हादसा
यह घटना बांग्लादेश की पारी के छठे ओवर में घटी. उस समय बांग्लादेश के तीन विकेट गिर चुके थे और लिटन दास तौहिद ह्र्दोय के साथ खेल रहे थे. मोहम्मद वसीम के इस ओवर की दूसरी गेंद पर लिटन दास ने ऑफ साइड में शॉट मारा. कवर बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे हुसैन तलत गेंद रोकने के लिए तेजी से भागे. गेंद बाउंड्री के बहुत पास थी. तलत ने गेंद को मैदान के अंदर फेंकने की कोशिश की. इसी कोशिश में उनका पैर बाउंड्री लाइन के फोम पर आ गया और वह अपना संतुलन खो बैठे. वह पास लगे विज्ञापन होर्डिंग से जा टकराए और अपने बाएं कंधे के बल जोर से जमीन पर गिरे.
स्ट्रेचर पर लिटाकर ले गए अस्पताल
जमीन पर गिरने के बाद हुसैन तलत काफी दर्द में नजर आ रहे थे. वह दर्द से कराह रहे थे और खुद उठने में पूरी तरह असमर्थ थे. उनकी यह हालत देखकर आस पास मौजूद साथी क्रिकेटर और सपोर्ट स्टाफ तुरंत उनकी तरफ भागे. मैदान पर ही उन्हें प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की गई. जब स्थिति में सुधार नहीं दिखा तो तुरंत एक स्ट्रेचर मैदान पर मंगवाया गया. उन्हें सावधानी से स्ट्रेचर पर लिटाया गया और मैदान से बाहर ले जाया गया. वहां से उन्हें बाहर मौजूद एंबुलेंस के माध्यम से सीधा अस्पताल भेज दिया गया.
पीसीबी ने जारी किया आधिकारिक बयान
हुसैन तलत के घायल होने के तुरंत बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज जारी करके जानकारी दी. पीसीबी ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि तलत को मैदान पर ही टीम के मेडिकल स्टाफ ने मेडिकल सहायता दी. शुरुआती जांच में चोट गहरी लग रही थी. इसलिए विस्तृत जांच के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया है. डॉक्टरों की टीम उनके कंधे का मुआयना कर रही है. मेडिकल टेस्ट और स्कैन पूरे होने के बाद ही डॉक्टर बताएंगे कि चोट की असल स्थिति क्या है और उन्हें कितने दिन आराम करना होगा.
मैच में नौ रन बनाकर हुए बोल्ड
बांग्लादेश के खिलाफ इस दूसरे वनडे मैच में हुसैन तलत का व्यक्तिगत प्रदर्शन सामान्य ही रहा. जब वह पाकिस्तान की तरफ से बल्लेबाजी करने उतरे तो छठे क्रम पर आए. उन्होंने अपनी पारी में कुल 13 गेंदों का सामना किया. इसमें उन्होंने 69.23 के स्ट्राइक रेट से मात्र नौ रन बनाए. वह अपनी पारी को आगे नहीं ले जा सके और बांग्लादेश के स्पिनर रिशद हुसैन की गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए.
हुसैन तलत का अब तक का करियर
पाकिस्तान के इस ऑलराउंडर ने साल 2019 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला कदम रखा था. अपने वनडे डेब्यू के बाद से 30 साल के हुसैन तलत को बहुत अधिक मौके नहीं मिले हैं. उन्होंने अपने करियर में अब तक केवल 11 वनडे मुकाबले खेले हैं. इन 11 मैचों की पारियों में वह कुल मिलाकर 224 रन ही बना सके हैं. बल्लेबाजी के अलावा वह गेंदबाजी में भी टीम को विकल्प देते हैं. अब इस नई चोट के कारण उनके करियर पर सीधा असर देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें-
Fact Check: क्या शुभमन गिल ने टी20 वर्ल्ड कप सेलिब्रेशन फोटो से संजू सैमसन को हटाया?
कुलदीप के संगीत में रैना, चहल और रिंकू का धमाल, जमकर डांस करते हुए वीडियो वायरल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




