ePaper

ENG vs ZIM: जिम्बाब्वे को पारी से हराकर आंखें दिखा रहा इंग्लैंड, अब भारतीय शेर निकालेंगे हेकड़ी

Updated at : 25 May 2025 1:36 AM (IST)
विज्ञापन
ENG vs ZIM: Joe Root, Ben Stokes, Sam Cook, Shoaib Bashir and Jamie Smith stand with the trophy after winning

ENG vs ZIM: Joe Root, Ben Stokes, Sam Cook, Shoaib Bashir and Jamie Smith stand with the trophy after winning

ENG vs ZIM: इंग्लैंड के आगे जिम्बाब्वे की टीम तीन दिन भी नहीं टिक पाई और पारी से एक मात्र टेस्ट में हार गई. इस जीत से इंग्लैंड का मनोबल बढ़ा हुआ होगा, क्योंकि उन्हें अगला सीरीज भारत के खिलाफ खेलना है, जहां 5 टेस्ट होंगे. बीसीसीआई ने शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में कई धाकड़ खिलाड़ी हैं, जो इंग्लैंड को पानी पिला सकते हैं. 8 साल बाद करुण नायर की टीम में वापसी हुई है, वह इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक जड़ चुके हैं.

विज्ञापन

ENG vs ZIM: इंग्लैंड ने ट्रेंट ब्रिज में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे को एक पारी और 45 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने अपनी गर्मियों की शुरुआत शानदार तरीके से की है. इंग्लैंड की जीत में युवा गेंदबाज शोएब बशीर ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लिए और कुल 9 विकेट (9/143) चटकाए. जिम्बाब्वे की टीम दूसरी पारी में 255 रन बनाकर आउट हो गई, इसलिए उन्हें फॉलोऑन खेलना पड़ा था. जिम्बाब्वे के लिए सीन विलियम्स ने 88 और सिकंदर रजा ने 60 रन बनाए, जिससे उनकी टीम ने हार से पहले कुछ हद तक संघर्ष दिखाया. हालांकि, इंग्लैंड की पहली पारी का स्कोर 565 रन जिम्बाब्वे के लिए बहुत बड़ा साबित हुआ. इंग्लैंड को इसके बाद 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में अब भारत से भिड़ना है. इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. टीम में लंबे समय बाद करुण नायर को मौका दिया गया है, जो इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक जड़ चुके हैं. भारत इंग्लैंड को उसकी ही धरती पर कड़ी टक्कर देने वाला है. England beat Zimbabwe by an innings will face India

विलियम्स ने जड़ा पचासा, लेकिन हो गया बेकार

तीसरे दिन जिम्बाब्वे की शुरुआत बेन करन की चौके के साथ हुई, जबकि विलियम्स ने लगातार दो चौके मारकर आत्मविश्वास दिखाया. पहले घंटे में दोनों बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की और 122 रनों की साझेदारी की. विलियम्स ने शानदार कवर ड्राइव खेले और 42 गेंदों में 50 रन पूरे किए. उन्होंने बशीर के खिलाफ स्वीप और रिवर्स स्वीप का खूब इस्तेमाल किया. करन ने भी साथ दिया, लेकिन वह ज्यादा सतर्क रहे. विलियम्स को एक जीवनदान मिला जब स्टोक्स ने मिड-विकेट पर उनका मुश्किल कैच छोड़ दिया. करण को बशीर की गेंद पर LBW दिया गया, लेकिन DRS से वह बच गए.

तीन दिन भी नहीं टिक सका खेल

लंच से ठीक पहले विलियम्स को LBW आउट करार दिया गया. DRS में गेंद स्टंप्स को छूती हुई दिखी और फैसला अंपायर के पक्ष में रहा. लंच के बाद बशीर ने करन को आउट किया, जिन्होंने एक आसान कैच कवर पर दे दिया. इसके बाद वेस्ली मधेवेरे और रजा ने 65 रनों की साझेदारी की, जिससे हार का अंतर 100 से कम हो गया, लेकिन स्टोक्स ने मधेवेरे को आउट कर जिम्बाब्वे को झटका दिया. हैरी ब्रूक ने उनका शानदार कैच लिया. बशीर ने फिर तफाद्जवा त्सिगा को एक शानदार ऑफ-ब्रेक गेंद पर बोल्ड किया, जो ऑफ स्टंप के बाहर से टर्न होकर लेग स्टंप को छू गई. ब्लेसिंग मुजरबानी भी बशीर की गेंद पर डीप मिड-विकेट पर कैच दे बैठे. इस बीच रजा ने अपना 10वां अर्धशतक पूरा किया. विक्टर न्यौची ने दो चौके मारे, लेकिन रजा एक स्वीप शॉट को स्लिप पर दे बैठे. दो ओवर बाद तनाका चिवांगा को बशीर ने LBW आउट किया और इंग्लैंड ने एक बड़ी जीत हासिल की.

इंग्लैंड से भिड़ने को तैयार हैं भारतीय शेर

20 जून से होने वाले भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का इंतेजार सभी दिल थाम कर रहे हैं. इस सत्र में 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे जिसकी शुरुआत 20 जून से लीड्स में की जाएगी. इस सत्र का दूसरा खेल 2 जुलाई से एजबैस्टन में खेला जाएगा. 10 जुलाई से शुरू होने वाला तीसरा टेस्ट लंदन के लॉर्ड्स में खेला जाएगा. चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफोर्ड में खेला जाने वाला है और पांचवा मैच 31 जुलाई से ओवल में खेला जाएगा. इसी के साथ भारत और इंग्लैंड के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 2025-27 के चक्र की शुरुआत हो जाएगी.

भारत के इंग्लैंड दौरे का शेड्यूल

  • पहला टेस्ट- 20-24 जून 2025. हेडिंग्ले, लीड्स
  • दूसरा टेस्ट- 2-6 जुलाई 2025. एजबेस्टन, बर्मिंघम
  • तीसरा टेस्ट- 10-14 जुलाई 2025. लॉर्ड्स, लंदन
  • चौथा टेस्ट- 23-27 जुलाई 2025. ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर
  • पांचवां टेस्ट- 31 जुलाई-4 अगस्त. 2025 द ओवल, लंदन

ये भी पढ़ें…

8 साल बाद करुण नायर की किस्मत ने ली करवट, BCCI ने फिर से दिया मौका

तो इस वजह से सरफराज हुए बाहर, अगरकर ने बताया क्यों करुण नायर पर है ज्यादा भरोसा

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola