23 जुलाई से शुरू होगा कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का रोमांच, जानिए कब एक्शन में दिखेंगे भारतीय एथलीट
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय दल (फोटो-सोशल मीडिया)
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का खेल-वार कार्यक्रम आ गया है, जिसमें 10 प्रमुख खेल शामिल हैं. भारतीय खिलाड़ी 24 जुलाई से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे. जानिए कब होंगे नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन जैसे स्टार्स के मुकाबले.
कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आधिकारिक खेल-वार कार्यक्रम जारी कर दिया है. स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले ये खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चलेंगे. इस बार प्रतियोगिता में 10 प्रमुख खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें भारत के लगभग 126 एथलीट हिस्सा लेने वाले हैं.
23 जुलाई को होगा रंगारंग आगाज
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का उद्घाटन समारोह 23 जुलाई को आयोजित होगा. इस दौरान भारतीय दल मार्च पास्ट में हिस्सा लेगा और इसके साथ ही 11 दिनों तक चलने वाले खेलों का औपचारिक आगाज हो जाएगा. समापन समारोह 2 अगस्त को आयोजित किया जाएगा.
24 जुलाई से शुरू होगा भारतीय खिलाड़ियों का अभियान
भारतीय खिलाड़ियों का मुकाबला 24 जुलाई से शुरू होगा. तैराकी, 3x3 बास्केटबॉल, आर्टिस्टिक जिमनास्टिक्स, बॉक्सिंग और लॉन बॉउल्स जैसे खेलों में भारतीय एथलीट शुरुआती दिनों से ही चुनौती पेश करेंगे. बॉक्सिंग में भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन से पदक की उम्मीद रहेगी.
मीराबाई चानू पर होंगी निगाहें
भारोत्तोलन प्रतियोगिता 26 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित की जाएगी. टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू भारत की सबसे बड़ी उम्मीदों में शामिल होंगी. भारतीय वेटलिफ्टिंग दल से कई पदकों की उम्मीद की जा रही है.
नीरज चोपड़ा संभालेंगे एथलेटिक्स की कमान
एथलेटिक्स मुकाबले 27 जुलाई से 1 अगस्त तक होंगे. भारत की सबसे बड़ी उम्मीद ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा पर रहेगी, जो भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. इसके अलावा भारतीय ट्रैक एंड फील्ड एथलीट भी पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे.
आखिरी दिनों में ट्रैक साइकिलिंग और जूडो का रोमांच
ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिताएं 30 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेंगी, जबकि जूडो के मुकाबले 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होंगे. इन खेलों में भी भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने की कोशिश करेंगे.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत का शेड्यूल
| खेल (Sport) | तारीख | भारत की मुख्य उम्मीदें / आकर्षण |
| उद्घाटन समारोह | 23 जुलाई | भारतीय दल का मार्च पास्ट |
| तैराकी (Swimming & Para Swimming) | 24–29 जुलाई | भारतीय तैराकों की हीट्स और फाइनल |
| 3x3 बास्केटबॉल | 24–29 जुलाई | पुरुष और महिला टीम |
| आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स | 24–28 जुलाई | भारतीय जिम्नास्ट्स |
| बॉक्सिंग | 24 जुलाई–1 अगस्त | लवलीना बोरगोहेन समेत भारतीय मुक्केबाज |
| लॉन बॉउल्स | 24 जुलाई–2 अगस्त | भारतीय लॉन बॉउल्स टीम |
| पैरा पावरलिफ्टिंग | 24 जुलाई | भारतीय पैरा एथलीट |
| वेटलिफ्टिंग | 26–30 जुलाई | मीराबाई चानू और भारतीय वेटलिफ्टर्स |
| एथलेटिक्स | 27 जुलाई–1 अगस्त | नीरज चोपड़ा और भारतीय ट्रैक एंड फील्ड खिलाड़ी |
| ट्रैक साइकिलिंग | 30 जुलाई–2 अगस्त | भारतीय साइकिलिंग टीम |
| जूडो | 31 जुलाई–2 अगस्त | भारतीय जूडो खिलाड़ी |
| समापन समारोह | 2 अगस्त | कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का समापन |
भारत को कई खेलों में पदक की उम्मीद
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की सबसे ज्यादा उम्मीद बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, जूडो और पैरा पावरलिफ्टिंग से होगी. भारतीय दल पिछले संस्करणों की तरह इस बार भी पदक तालिका में मजबूत प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगा. पिछली बार कॉमनवेल्थ 2022 में भारत ने कुल 61 पदक हासिल किया था. जिसमें 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रांज पदक जीता था. इसके साथ ही भारतीय टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही थी. अब इस बार उम्मीद है कि भारतीय टीम पिछली बार से अच्छा प्रदर्शन करेगी.
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: 20 मिनट में 3 गोल कर मिस्र को किया बाहर, 2-0 से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए