IND vs ENG Test: 24 अगस्त का वो दिन, जब भारत ने अंग्रेजों का घमंड तोड़ पहली बार जीती थी इंग्लैंड में सीरीज
भारत की जीत के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान एकत्रित भीड़ फोटो—सोशल मीडिया
24 अगस्त 1971 का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए मील का पत्थर है, जब अजित वाडेकर की अगुआई में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को द ओवल में 4 विकेट से हराकर पहली टेस्ट जीत दर्ज की. इस ऐतिहासिक जीत ने इंग्लैंड के अजेय रथ को रोका.
India first Test win in England: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 24 अगस्त का दिन बेहद खास माना जाता है. आज ही के दिन साल 1971 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड की धरती पर पहली बार टेस्ट मैच जीतकर इतिहास रचा था. तीन मैचों की सीरीज में दो टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद तीसरे मैच में भारत ने इंग्लैंड की धरती पर अंग्रेजों के घमंड को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया था. अजित वाडेकर की कप्तानी में भारत ने द ओवल में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया था. इस ऐतिहासिक सीरीज जीत के लिए भारतीय टीम को 39 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा था.
35 साल तक ओवल में नहीं मिली जीत
View on Instagram
इंग्लैंड के खिलाफ इस ऐतिहासिक जीत से पहले भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब था. भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 21 टेस्ट खेले थे, जिनमें उसे 15 मुकाबलों में हार मिली थी, जबकि 6 टेस्ट ड्रॉ रहे थे. भारत ने ओवल के मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच 1936 में खेला था. उस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 9 विकेट से हराया था. इसके बाद करीब 35 साल तक भारतीय टीम इस मैदान पर इंग्लैंड को हरा नहीं सकी. इस दौरान खेले गए मुकाबलों में भारत को एक में हार मिली, जबकि दो टेस्ट ड्रॉ रहे.
पटौदी की जगह वाडेकर को मिली कप्तानी

साल 1971 में भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव हुआ. मंसूर अली खान पटौदी की जगह अजित वाडेकर को टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई. चयनकर्ताओं का यह फैसला ऐतिहासिक साबित हुआ. वाडेकर की कप्तानी में भारत ने न सिर्फ ओवल टेस्ट जीता, बल्कि इंग्लैंड की धरती पर अपनी पहली टेस्ट सीरीज भी अपने नाम की. तीन मैचों की इस सीरीज के पहले दोनों टेस्ट ड्रॉ रहे थे. ऐसे में ओवल टेस्ट निर्णायक साबित हुआ. भारत ने इस मुकाबले को 4 विकेट से जीतकर सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड के लगातार 26 टेस्ट मैचों तक अपराजित रहने के सिलसिले को भी तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: IND vs SL 2nd Test: देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा लगातार दूसरा शतक, 117 रन की पारी से नंबर-3 पर पक्की की जगह
चंद्रशेखर की गेंदबाजी ने पलटा मैच
ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान रे इलिंगवर्थ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. मेजबान टीम ने एलन नॉट के 90, जॉन जेमसन के 82 और रिचर्ड हटन के 81 रन की पारियों की मदद से पहली पारी में 355 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई. फारुख इंजीनियर ने 59 और दलीप सरदेसाई ने 54 रन बनाए. भारत पहली पारी के बाद 71 रन से पीछे था, लेकिन इसके बाद भागवत चंद्रशेखर ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. चंद्रशेखर ने महज 38 रन देकर इंग्लैंड के 6 विकेट झटक लिए, जिसके चलते मेजबान टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 101 रन पर ढेर हो गई.
भारत के सामने जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य था. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवाकर 173 रन बनाए और ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली. इस जीत के साथ भारत ने पहली बार इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट मैच जीतने का गौरव हासिल किया.
ये भी पढ़ें: Mitchell Starc: 10 विकेट लेकर अश्विन-वॉस को छोड़ा पीछे; टॉप-10 से सिर्फ 6 विकेट दूर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए