AFC U-17 विमेंस एशियन कप क्वालीफायर: भारत ग्रुप-E में, मलेशिया-सीरिया-इराक से होगी टक्कर
भारतीय महिला अंडर-17 टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
भारतीय महिला अंडर-17 फुटबॉल टीम को AFC U-17 विमेंस एशियन कप 2027 क्वालीफायर के ग्रुप-ई में मलेशिया, सीरिया और इराक के साथ रखा गया है. लगातार दूसरी बार कप के लिए क्वालीफाई करना टीम का लक्ष्य है. जानें पूरा शेड्यूल.
भारतीय महिला अंडर-17 फुटबॉल टीम को एएफसी अंडर-17 विमेंस एशियन कप चीन 2027 क्वालीफायर के ग्रुप-ई में रखा गया है. गुरुवार को कुआलालंपुर स्थित एएफसी हाउस में आयोजित ड्रॉ में भारत के साथ मेजबान मलेशिया, सीरिया और इराक को भी इसी ग्रुप में जगह मिली.
भारत की युवा महिला टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी बार एएफसी अंडर-17 विमेंस एशियन कप के लिए क्वालीफाई करना होगा. पिछले संस्करण में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. हालांकि मेजबान चीन के खिलाफ 0-3 की हार के साथ उसका अभियान समाप्त हो गया था.
5 से 11 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा क्वालीफायर
ग्रुप-ई के मुकाबलों की मेजबानी मलेशिया करेगा. यह क्वालीफायर 5 से 11 अक्टूबर 2026 के बीच खेला जाएगा. भारत अपने अभियान की शुरुआत इराक के खिलाफ करेगा. इसके बाद टीम का सामना सीरिया और फिर मेजबान मलेशिया से होगा.
क्वालीफायर में कुल 30 टीमों को आठ ग्रुप में बांटा गया है. छह ग्रुप में चार-चार और दो ग्रुप में तीन-तीन टीमें शामिल हैं. सभी मुकाबले सिंगल राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेले जाएंगे. प्रत्येक ग्रुप की विजेता टीम एएफसी अंडर-17 विमेंस एशियन कप 2027 के लिए क्वालीफाई करेगी.
31 मार्च से 17 अप्रैल 2027 तक चीन में आयोजित होगा टूर्नामेंट
फाइनल टूर्नामेंट का आयोजन 31 मार्च से 17 अप्रैल 2027 तक चीन के सूजौ शहर में होगा. क्वालीफायर से आगे बढ़ने वाली आठ टीमों के अलावा मौजूदा चैंपियन डीपीआर कोरिया, उपविजेता जापान, सेमीफाइनलिस्ट ऑस्ट्रेलिया और मेजबान चीन को सीधे प्रवेश मिला है. एएफसी अंडर-17 विमेंस एशियन कप 2027 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमें फीफा अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप मोरक्को 2027 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी.
ये भी पढ़ें: सचिन-गांगुली के क्लब में शामिल हुए रोहित शर्मा, ODI में विदेशी सरजमीं पर ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बने
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए