Jharkhand News: NGT की बालू निकासी पर लगी रोक हटेगी, फिर भी घाटों पर संकट रहेगा बरकरार, जानें क्या है वजह
Published by : Sameer Oraon Updated At : 12 Oct 2022 9:02 AM
झारखंड में एनजीटी की बालू निकासी पर लगी रोक हट जाएगी. इसके बावजूद भी घाटों पर संकट बरकरार रहेगी. दरअसल झारखंड राज्य खनिज विकास निगम को टेंडर प्रक्रिया पूरी करनी थी जो नहीं हो सकी है. पूर्व से बंदोबस्त केवल 17 बालू घाटों की ही निकासी हो सकेगी.
रांची : झारखंड में बालू निकासी पर लगी एनजीटी की रोक 16 अक्तूबर से हट जायेगी. यह रोक 10 जून से 15 अक्तूबर तक मॉनसून को लेकर लगती है. दूसरी ओर इस दौरान झारखंड राज्य खनिज विकास निगम(जेएसएमडीसी)को टेंडर की प्रक्रिया पूरी करनी थी, जो नहीं हो सका है. इससे रोक हटने के बाद भी राज्य के बालू घाट चालू नहीं हो सकेंगे. पूर्व से बंदोबस्त केवल 17 बालू घाटों की ही निकासी हो सकेगी. शेष बालू घाटों का जब तक टेंडर नहीं हो जाता, तब तक बालू की वैध रूप से निकासी नहीं हो सकती. रांची जिले में एक भी बालू घाट का टेंडर नहीं हो सका है.
एनजीटी के बाद से राज्य के सभी बालू घाटों की डिस्ट्रिक्ट सर्वे रिपोर्ट (डीएसआर) बनायी जा रही है. भूतत्व निदेशालय द्वारा डीएसआर बनाकर जिलों को भेजा जा रहा है. डीएसआर को अंतिम रूप से स्टेट इनवायरमेंट इंपैक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) द्वारा मंजूरी दी जानी है. 14 जिलों ने डीएसआर तैयार करके सिया को भेज दिया गया है. सिया से मंजूरी मिलने के बाद ही बालू घाटों का टेंडर निकल सकेगा.
कैटगरी दो के सभी बालू घाटों का संचालन जेएसएमडीसी को ही करना है. कैटगरी दो में राज्य में 608 बालू घाट चिह्नित हैं. इन घाटों को तीन श्रेणी यानी कैटेगरी ए में 10 हेक्टेयर से कम, कैटगरी बी में 10 से 50 हेक्टेयर और कैटगरी सी में 50 हेक्टेयर से अधिक के बालू घाटों को रखा गया है. इन बालू घाटों के संचालन के लिए माइंस डेवलपमेंट ऑपरेटर की नियुक्ति की जायेगी. प्रथम चरण में जेएसएमडीसी द्वारा एजेंसी को सूचीबद्ध कर लिया गया है.
दूसरे चरण में एजेंसी के चयन के लिए फायनेंशियल बिड की प्रक्रिया जिलावार संबंधित डीसी के द्वारा बालू घाटवार करना था. डीसी को संबंधित घाटों के लिए श्रेणीवार सूचीबद्ध एजेंसी में से वित्तीय निविदा के माध्यम चयन करना था. इसी दौरान पंचायत चुनाव आ गया, जिसके चलते वित्तीय निविदा नहीं हो सकी.
एनजीटी के आदेश से सभी बालू घाटों का डीसीआर तैयार हो रहा है. कई जिलों में डीएसआर तैयार कर सिया की मंजूरी के लिए भेजा गया है. जैसे-जैसे मंजूरी मिलेगी, वहां टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी.
अमीत कुमार, खान निदेशक
वर्तमान में स्टॉकिस्ट के माध्यम से बालू की बिक्री हो रही है. जिस कारण दर 25 से 32 हजार प्रति हाइवा है, जबकि मई-जून में इसकी दर आठ से 10 हजार रुपये प्रति हाइवा थी. बालू कारोबारी बताते हैं कि एनजीटी पर लगी रोक हटने से बहुत ज्यादा दर में परिवर्तन नहीं होगा. घाटों का टेंडर हो जाये और बालू की निकासी होने लगे, तो दर घटकर सामान्य हो जायेगी.
झारखंड में केवल 17 बालू घाटों से ही वैध रूप से बालू का उठाव हो सकेगा. वजह है कि इन घाटों की बंदोबस्ती पूर्व में ही हो चुकी है. जेएसएमडीसी के चतरा के चार, सरायकेला-खरसावां के एक, कोडरमा के दो, दुमका दो, देवघर के पांच, हजारीबाग के एक, खूंटी के दो व गुमला के एक बालू घाट ही ऐसे हैं, जिनमें माइंस डेवलपर सह ऑपरेटर(एमडीओ) नियुक्त हैं, जो वैध तरीके से बालू का उठाव कर सकते हैं.
रिपोर्ट- सुनील चौधरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










