झारखंड : शंकर ज्वेलर्स से 65 लाख की लूट का पुलिस ने किया खुलासा, ज्वेलरी बरामद, 3 गिरफ्तार

ज्वेलरी शॉप में लूट की घटना को अरगोड़ा (कड़रु) के मो आमिर उर्फ रॉक, मो आकिब खान उर्फ टोपी पकिया एवं कांके चूड़ीटोला के मो साबिर उर्फ दाऊद खान ने अंजाम दिया था. इनकी निशानदेही पर 9 किलो चांदी, 255 ग्राम सोना, 7000 नगद के साथ चार मोबाइल, एक देसी सिक्सर व पांच कारतूस बरामद किया गया है.
मांडर (रांची), तौफिक आलम. रांची जिले के मांडर के मिशन स्थित शंकर एंड संस ज्वेलर्स में 11 फरवरी को 65 लाख की ज्वेलरी लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने ज्वेलरी भी बरामद कर ली है और तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. ज्वेलरी की दुकान में लूट की घटना को अरगोड़ा (कड़रु) के मो आमिर उर्फ रॉक, मो आकिब खान उर्फ टोपी पकिया एवं कांके चूड़ीटोला के मो साबिर उर्फ दाऊद खान ने अंजाम दिया था. इनकी निशानदेही पर ज्वेलरी की दुकान से लूटे गये 9 किलो चांदी, 255 ग्राम सोना, 7000 नगद के साथ पुलिस ने अपराधियों के पास से चार मोबाइल, एक देसी सिक्सर व पांच कारतूस बरामद किया है. ये जानकारी मंगलवार को रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने प्रेस कॉफ्रेंस में दी.
छह माह की रेकी के बाद लूट को दिया था अंजाम
एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि अपराधियों ने छह माह की रेकी के बाद लूट की घटना को अंजाम दिया था. लूट की घटना के बाद एसआईटी का गठन किया गया था. मामले के खुलासे में पुलिस की लगातार मेहनत व तकनीकी सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आपको बता दें कि रांची जिले के एनएच-75 पर मांडर के मिशन स्थित शंकर एंड संस ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया था. हथियार का भय दिखाकर अपराधियों ने करीब 65 लाख के सोने-चांदी के गहने लूट लिए थे. लूट की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी.
10 मिनट तक लूट की घटना को दिया था अंजाम
अपराधियों ने लूट की घटना दोपहर करीब ढाई बजे अंजाम दिया था. करीब 10 मिनट तक लूटपाट के बाद अपराधी दुकान के मालिक दो अन्य का मोबाइल लेकर आराम से बाहर निकल गए थे और बाहर खड़ी बाइक में सवार होकर फरार हो गये थे. शंकर एंड संस ज्वेलर्स के मालिक अभय सोनी ने बताया था कि करीब 22 हजार नकद, एक किलो सोना व सात-आठ किलो चांदी के गहने लूट कर अपराधी ले गए थे. दुकान में लूट की घटना के दौरान रांची के दो ज्वेलर्स (व्यापारी) सुजीत कुमार सिंह व विकास वर्मा भी दुकान में बैठे थे. उनके बैग में भी सोने-चांदी के गहने थे, लेकिन अपराधियों ने उन्हें ग्राहक समझकर छोड़ दिया था.
पहले भी हो चुकी है वारदात
रांची के मांडर में इससे पहले भी एनएच-75 पर दिनदहाड़े अपराधियों ने 21 मई 2022 को मांडर कॉलेज के प्रोफेसर चोरेया निवासी रामकुंवर साहू की बाइक की डिक्की तोड़कर पांच लाख रुपये व 28 जून 2022 को चोरेया के ही जेवर व्यवसायी वासुदेव प्रसाद साहू की बाइक की डिक्की तोड़कर वहां रखे करीब 10 लाख के सोने-चांदी के गहने उड़ा लिए थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




