Coronavirus In Jharkhand Update : बेहतर इलाज के पूर्व सीएम शिबू सोरेन गये दिल्ली, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में होंगे शिफ्ट, रांची से सड़क मार्ग से बोकारो पहुंचे थे गुरुजी
Coronavirus In Jharkhand Update : झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1056 नये मरीजों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 32,174 हो गयी है. 12 संक्रमितों की मौत हो गयी है. इसके साथ ही कोरोना से मरनेवालों का आंकड़ा 347 हो गया है. 725 संक्रमित कोरोना से ठीक हुए. इसके साथ ही राज्य में 21,750 संक्रमित स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं. इस समय राज्य में कोरोना के कुल 10,077 केस हैं. झारखंड में कोरोना वायरस से जुड़ी खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ…
झारखंड में कोरोना के 1056 नये मामले, 12 की हुई मौत
झारखंड में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 1056 नये मामले मिले हैं. वहीं, कोरोना से पिछले 24 घंटे में 12 लोगों की मौत भी हुई है. मंगलवार को मिले 1056 नये मामलों में से बोकारो जिला में 68, देवघर में 24, धनबाद में 54, दुमका में 22, पूर्वी सिंहभूम में 141, गढ़वा में 17, गिरिडीह में 30, गोड्डा में 9, गुमला में 17, हजारीबाग में 58, जामताड़ा में 14, खूंटी में 14, कोडरमा में 34, लातेहार में 24, लोहरदगा में 17, पाकुड़ में 8, पलामू में 15, रामगढ़ में 67, रांची में 314, साहिबगंज में 22, सरायकेला में 24, सिमडेगा में 27 और पश्चिमी सिंहभूम जिला में 36 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं. दूसरी ओर, राज्य में एक दिन में कोरोना संक्रमण से 12 लोगों की जान चली गयी है. मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिला में 8, बोकारो में 1, कोडरमा में 1, रांची में 1 और पश्चिमी सिंहभूम जिला में 1 व्यक्ति की मौत कोरोना से हुई है.
बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रवाना हुए शिबू सोरेन
मंगलवार को झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रवाना हो गये. भुवनेश्वर- नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से शिबू सोरेन को दिल्ली ले जाया गया. वहां से गुरुजी को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जायेगा. मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे गुरुजी को रांची के इरबा स्थित मेदांता अस्पताल से सड़क मार्ग से बोकारो लाया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके छोटे भाई बसंत सोरेन भी साथ थे. मालूम हो कि शनिवार को शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन कोरोना संक्रमित पाये गये थे. इसके बाद शिबू सोरेन को इलाज के लिए रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां से मंगलवार को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया है.
अब रांची में हो सकेगा एनआईए से संबंधित मामलों की सुनवाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के तहत आतंकवादी/ उग्रवादी से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए रांची में एक विशेष न्यायालय का गठन संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति दी है. इस संबंध में झारखंड सीएमओ की ओर से जानकारी दी गयी कि मुख्यमंत्री ने इस विशेष न्यायालय के गठन संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचे शिबू सोरेन
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचे. गुरुजी के साथ मुख्यमंंत्री हेमंत सोरेन भी बाेकारो रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं. कुछ ही देर में गुरुजी भुवनेश्वर- दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
बोकारो रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का व्यापक इंतजाम
बेहतर इलाज के लिए झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को बोकारो के रास्ते दिल्ली ले जाया जा रहा है. गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में गुरुजी का इलाज चलेगा. इस बीच गुरुजी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बोकारो आने की सूचना पर बोकारो रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की चौक-चौबंद व्यवस्था की गयी है. रेलवे स्टेशन में शिबू सोरेन के आगमन को लेकर अलग गेट की व्यवस्था की गयी है. जानकारी है कि शिबू सोरेन के साथ 15 लोग दिल्ली जायेंगे. इसके तहत 9 सुरक्षा कर्मी, 2 अनुसेवक, एक पीए एवं 3 चिकित्सा कर्मी साथ रहेंगे.
बोकारो के लिए शिबू सोरेन हुए रवाना
झामुमो सुप्रीमो सह राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन बोकारो के लिए रवाना हो गये हैं. बोकारो से भुवनेश्वर- दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली ले जायेंगे. फिर वहां से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती किया जायेगा. कुछ देर पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी रांची के इरबा स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे थे. बता दें कि शनिवार को शिबू सोरेन कोरोना संक्रमित हो गये थे. इलाज के लिए रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए. अब बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल जा रहे हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए