Weather Forecast Updates: दिल्ली में मौसम लेगा करवट, जानें बिहार-यूपी-एमपी सहित अन्य राज्य का मौसम
Weather Forecast| PTI
Weather Forecast Today Updates: मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान भी जताया है. मध्य प्रदेश के खजुराहो एवं नौगांव में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा. जानें आज झारखंड-बिहार-यूपी सहित देश के अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली का मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में पारा घटकर 42.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. दिल्ली में रविवार को साल का अब तक का सबसे गर्म दिन (45.6 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया. आईएमडी ने कहा कि मंगलवार को आंधी या धूल भरी आंधी के चलने से पारा कुछ डिग्री नीचे आ सकता है. बुधवार को फिर से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा और शुक्रवार को यह 45 डिग्री तक पहुंच सकता है.
उत्तर भारत में पारे में मामूली गिरावट
उत्तर भारत के कई इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आंधी तथा बारिश आने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में मॉनसून जून के मध्य तक दस्तक देगा
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने कहा कि मध्य प्रदेश में मानसून के जून के मध्य तक दस्तक देने का अनुमान है. साहा के अनुसार, रविवार को मध्य प्रदेश में केवल दो स्थानों-नौगांव और खजुराहो को भीषण लू का सामना करना पड़ा और अब राज्य में इसका प्रकोप कम होता दिख रहा है.
मध्य प्रदेश में लू से जल्द राहत मिलने के आसार
मध्य प्रदेश के निवासियों को इस सप्ताह भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि तापमान में गिरावट शुरू हो गई है और अगले कुछ दिनों में पारा और लुढ़कने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.

केरल के पांच जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट
दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दस्तक देने से कई दिन पहले ही केरल में बारिश का दौर शुरू हो गया है. इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के पांच जिलों में सोमवार को मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी जारी की है. एर्नाकुलम, इडुकी, त्रिशूर, मलाप्पुरम और कोझिकोड में रविवार को भारी बारिश हुई. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए एर्नाकुलम, इडुकी, त्रिशूर, कोझिकोड और कन्नूर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इस बार केरल में मई के अंतिम सप्ताह में मॉनसून पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है.

न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान भी जताया है, जिससे तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए