Video: शोर मचाने से रोका तो मणिपुरी संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुए आरोपी
संगीतकार सी विक्रम सिंह की हत्या के विरोध में प्रदर्शन करते लोग, फोटो एक्स
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में मणिपुर के 54 वर्षीय संगीतकार सी विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी (नाबालिग) को भी हिरासत में लिया है. इस बीच घटना के बाद का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है.
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हमलावर सीढ़ियों से नीचे उतरते दिख रहे हैं. वहीं एक अन्य वीडियो में परिजन घायल अवस्था में संगीतकार को सीढ़ियों से नीचे लाते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
हंगामे का विरोध करने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मियों के एक समूह ने 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार पर कथित तौर पर हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घर के बाहर शोर मचाने से मना करने पर हुई मारपीट
मेइती समुदाय से ताल्लुक रखने वाले विक्रम सिंह पिछले कई वर्षों से किलोकरी गांव में रह रहे थे. उनके घर के बाहर कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे. जब विक्रम सिंह ने नीचे आकर उन्हें शोर मचाने से मना किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी.
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद घायल अवस्था में विक्रम सिंह को उनके बेटे याईफाबा ने तत्काल होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार किए गए सात वयस्क आरोपियों की पहचान भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36) और मन्नू (26) के रूप में हुई है. ये सभी स्थानीय ढाबों में काम करते हैं. इनके अलावा एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है.
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने जताया दुख
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने संगीतकार की मौत पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर लिखा, "मशहूर मणिपुरी गिटारिस्ट और वेस्टर्न म्यूजिक के अगुआ चोंगथम विक्रम सिंह के दुखद निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है. संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. मैं दिल्ली पुलिस से आग्रह करता हूं कि मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित करे."
पूर्वोत्तर समुदाय के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
मणीपुरी संगीतकार की हत्या के विरोध में पूर्वोतर समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया. पूर्वोत्तर की एक्टिविस्ट संगीता देवी ने कहा, "हम सी. विक्रम सिंह के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं. हमें उनके परिवार के भविष्य के बारे में सोचना होगा. वे रोज रात के खाने के बाद टहलने जाते थे. जब नीचे से बहुत ज्यादा शोर सुनाई दिया, तो उनकी पत्नी और बेटी ने देखा कि विक्रम जी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई है. वे तुरंत उन्हें अस्पताल ले गईं, जहां उनकी मौत हो गई."
ये भी पढ़ें: दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या, पूर्वोत्तर समुदाय में आक्रोश; खेड़ा ने सरकार पर लगाया आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए