UP By Election 2024 : बुर्का पहन महिलाएं कर रहीं हैं फर्जी मतदान, रालोद के इस आरोप के बीच मीरापुर में जमकर हंगामा

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 20 Nov 2024 2:51 PM

विज्ञापन

meerapur ruckus/ up by election 2024

UP By Election 2024 : यूपी में जारी उपचुनाव के बीच मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में दो गुट भिड़ गए. रालोद की उम्मीदवार मिथलेश पाल ने कहा, '' बुर्का पहनी महिलाएं फर्जी मतदान कर रहीं हैं.

विज्ञापन

UP By Election 2024 : मुजफ्फरनगर के मीरापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए जारी मतदान के दौरान जमकर हंगामा हुआ. ककरौली गांव में दो गुट आपस में भिड़ गए और पथराव किया गया. राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की उम्मीदवार मिथलेश पाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ”निर्वाचन क्षेत्र के बाहर से लोगों को ‘फर्जी मतदान’ के लिए बुलाए जाने के बारे में जानकारी मिली है. इन लोगों को मदरसों और स्कूलों में ठहराया गया है. ‘बुर्का पहनी महिलाओं’ द्वारा फर्जी मतदान किया जा रहा है.”

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी कि पुलिसकर्मियों को मतदाताओं के पहचान पत्र नहीं जांचने चाहिए, इस पर पाल ने कहा, ”फर्जी मतदान को रोकने के लिए उन्हें निश्चित रूप से इसकी जांच करनी चाहिए. यह सब पुलिस के ‘लचीले रवैये’ के कारण हो रहा है. हमने शिकायत की है, लेकिन पुलिस फिलहाल कुछ नहीं कर पा रही है.”

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने खबर दी कि हंगामे को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिषेक सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने बताया है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा. ‘हल्का बल’ प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया. स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टकराव का कारण क्या है?

Read Also : UP By Election 2024 : वोटिंग के बीच मीरापुर में हंगामा, अखिलेश यादव ने कहा- पुलिस ID चेक नहीं कर सकती

मीरापुर हंगामे पर एआईएमआईएम ने क्या कहा?

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार मोहम्मद अरशद ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ”निर्वाचन क्षेत्र के ककरौली इलाके में मतदान प्रतिशत कम रहा. पुलिस मतदाताओं को परेशान कर रही है, उन्हें घर से बाहर निकलने नहीं दे रही है. वे लोकतंत्र के इस पर्व के दौरान लोगों से दुश्मनों की तरह व्यवहार कर रहे हैं. यह लोगों का चुनाव नहीं है, यह सरकार का चुनाव है.’’ अरशद ने कहा कि पुलिस ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है.

मीरापुर हंगामे पर समाजवादी पार्टी ने क्या कहा?

समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार सुम्बुल राणा ने भी आरोप लगाया कि पुलिस मतदाताओं को वोट डालने से रोकने के लिए उनके पहचान पत्र की जांच के नाम पर परेशान कर रही है.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola