'भोपाल छोड़ नोएडा लौटना चाहती थी ट्विशा…' क्या SIT जांच से सुलझेगी मौत की गुत्थी
Published by : Pritish Sahay Updated At : 18 May 2026 6:53 PM
ट्विशा शर्मा मौत मामले की एसआईटी करेगी जांच, फोटो- एएनआई
Twisha Death Case: भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामले में पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है. परिवार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
Twisha Death Case: भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला उलझता जा रहा है. पुलिस ने मौत मामले में एसआईटी का गठन कर लिया है, और जांच जारी है. इस बीच ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस के अनुसार 12 मई को ट्विशा का शव कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला था. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. ट्विशा शर्मा ने दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से शादी की थी.
दहेज हत्या और उत्पीड़न का मामला दर्ज
पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह, उनके मां और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है. इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप ने बताया कि मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. पुलिस फरार आरोपी समर्थ सिंह की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है.
दूसरी बार पोस्टमार्टम की मांग
मृतका के पिता नवनीधि शर्मा ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. उनका कहना है कि रिपोर्ट और उपलब्ध सबूतों में कई चीजें अलग हैं. उन्होंने कहा कि जब मामला पूरी तरह संदिग्ध है, तब शव सौंपने की जल्दबाजी क्यों की गई. परिवार ने इस संबंध में पुलिस आयुक्त को लिखित आवेदन भी दिया है और अदालत जाने की बात कही है.
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
ट्विशा की मां रेखा शर्मा ने समर्थ सिंह और उनकी मां की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज कराने में भी उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा. उनका कहना है कि महिला पुलिस थाने ने शुरू में जीरो एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया था और काफी दबाव के बाद 15 मई की रात मामला दर्ज किया गया. परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिस ने उन्हें समय पर उनकी बेटी की मौत की सूचना नहीं दी और शव को अस्पताल ले जाने की जानकारी भी साझा नहीं की गई.
भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी ट्विशा- परिजन
कटारा हिल्स पुलिस थाना के वरिष्ठ अधिकारी सुनील कुमार दुबे ने कहा कि ट्विशा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. ट्विशा के रिश्तेदारों ने यह भी दावा किया कि वह मंगलवार रात करीब 10 बजे तक फोन पर उनके संपर्क में थी. ट्विशा के रिश्तेदारों के अनुसार- वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी.
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
परिवार ने मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है. नवनीधि शर्मा का कहना है कि आरोपी परिवार का प्रभाव कई सरकारी विभागों तक फैला हुआ है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने स्वतंत्र जांच और बाहरी निगरानी की मांग करते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं दिख रही.
मुख्यमंत्री आवास पहुंचा परिवार
इससे पहले ट्विशा शर्मा के परिजन न्याय की मांग को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के भोपाल स्थित आवास भी गये थे. परिवार ने सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की.
SIT सभी पहलुओं की करेगी जांच
इस मामले में पुलिस का कहना है कि विशेष जांच दल दहेज उत्पीड़न, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मौत की परिस्थितियों के साथ-साथ सबूत मिटाने के संभावित प्रयासों सहित कई पहलुओं की जांच करेगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का गहन अध्ययन किया जा रहा है और अब तक नशीले पदार्थों के सेवन से संबंधित कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूरे प्रदेश की नजर इस हाई-प्रोफाइल केस पर टिकी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










