तमिलनाडु के मंत्री का दावा, 2029 में राहुल गांधी होंगे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते राहुल गांधी, फोटो ANI
तमिलनाडु के मंत्री पी विश्वनाथन ने दावा कर दिया है कि राहुल गांधी 2029 के चुनावों में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. विश्वनाथन उन दो कांग्रेस विधायकों में से एक थे जिन्हें TVK के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री पद मिला.
चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री पी विश्वनाथन ने कहा, प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की उम्मीदवारी को लेकर कोई संदेह नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पूरा भरोसा है कि राहुल गांधी 2029 के चुनावों में उसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. विश्वनाथन ने कहा, "मैं विजय के उप-प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होने के सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता. हमें यकीन है कि राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. दूसरे सवालों की कोई गुंजाइश नहीं है." उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई "सक्रिय और मजबूत" है और तमिलनाडु में विजय के साथ गठबंधन के बाद पार्टी की संभावनाओं पर भरोसा जताया.
2029 के चुनावों के लिए कांग्रेस ने काफी पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं : विश्वनाथन
विश्वनाथन ने यह भी कहा कि कन्याकुमारी से लेकर तिरुत्तनी तक पूरे तमिलनाडु में कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से राजनीतिक गतिविधियां चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी ने 2029 के संसदीय चुनावों के लिए काफी पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं. उन्होंने कहा, "कन्याकुमारी से लेकर तिरुत्तनी तक कांग्रेस पार्टी के साथी मजबूती से राजनीति कर रहे हैं। हमने काम शुरू कर दिया है क्योंकि संसद के चुनावों में अभी ढाई साल बाकी हैं." विश्वनाथन के अनुसार, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने पार्टी के लिए योजनाएं बनाई हैं और संगठन उन योजनाओं के आधार पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.
TVK और कांग्रेस के बीच कोई समस्या नहीं : विश्वनाथन
मंत्री विश्वनाथन से जब टीवीके और कांग्रेस के बीच संबंधों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, "TVK और कांग्रेस के बीच कोई समस्या नहीं है। ऐसा सभी पार्टियों में होता है."
ममता बनर्जी, शरद पवार और चंद्रबाबू नायडू भी हो सकते हैं प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार : विश्वनाथन
विश्वनाथन ने अन्य विपक्षी नेताओं के अपनी-अपनी पार्टियों द्वारा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किए जाने की संभावना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी, शरद पवार और चंद्रबाबू नायडू को उनकी पार्टियां प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश कर सकती हैं.
TVK नेता ने विजय को PM बनाने की मांग की
TVK नेता और तमिलनाडु के मंत्री सेंगोट्टैयान ने 'विजय को PM बनाने' की मांग पर TVK का रुख फिर से दोहराया. जब उनसे TVK प्रमुख और CM विजय को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश किए जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "जहां तक हमारी बात है, हमारे नेता का रुख बिल्कुल साफ है. तमिलनाडु की जनता ने उन पर भरोसा जताते हुए वोट दिया है. पार्टी बनने के दो साल के भीतर ही उसने बड़ी जीत हासिल की और जीत से दो महीने पहले ही नया चुनाव चिह्न भी हासिल कर लिया... मुख्यमंत्री तमिलनाडु के लोगों की सुरक्षा और जनता की इच्छा के अनुसार योजनाएं लागू करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहे थे."
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए