तमिलनाडु चुनाव : डीएमके का वादा- महिलाओं को हर महने 2,000 रुपए, स्वास्थ्य बीमा भी होगा डबल
Published by : Pritish Sahay Updated At : 29 Mar 2026 8:26 PM
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, फोटो- एक्स
Tamil Nadu Election DMK Manifesto: तमिलनाडु में चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है. इसी कड़ी में रविवार को राज्य की सत्ताधारी पार्टी डीएमके ने अपना मेनीफेस्टो जारी कर दिया है.
Tamil Nadu Election DMK Manifesto: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार (29 मार्च) को डीएमके का चुनावी घोषणापत्र जारी किया. अपने मेनिफेस्टो में डीएमके ने कई लोकलुभावन वादे किए हैं, जिनमें महिलाओं को मिलने वाला मासिक अनुदान बढ़ाकर 2,000 करने का वादा किया गया है. इसके अलावा मुख्यमंत्री की नाश्ता योजना को कक्षा 8वीं तक बढ़ाने का वादा किया है. मुफ्त बिजली योजना के तहत किसानों को बिना मीटर वाले आधुनिक पंपसेट दिए जाएंगे. 5 साल में 10 लाख नए घर बनाने का पार्टी ने वादा किया है. डीएमके ने अपने घोषणापत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा पर सालाना आय सीमा को बढ़ाकर पांच लाख रुपये और बीमा राशि को 10 लाख रुपये करने का वादा किया है.
डीएमके घोषणापत्र और स्टालिन के वादे
महिलाओं का मासिक अनुदान डबल
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने चेन्नई में घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि महिलाओं को मिलने वाला मासिक अनुदान 2,000 रुपये किया जाएगा. फिलहाल महिलाओं को 1000 रुपये की मासिक सहायता राशि मिलती है. इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों में कार्यरत महिलाएं सब्सिडी सहायता के साथ 5 लाख रुपये तक के बिना गारंटी वाले लोन ले सकती हैं.
मुख्यमंत्री नाश्ता योजना का विस्तार
द्रमुक के चुनावी घोषणापत्र में वादा किया है कि मुख्यमंत्री नाश्ता योजना को कक्षा 8वीं तक बढ़ाया जाएगा, ताकि बच्चों को पौष्टिक भोजन मिल सके.
छात्राओं के लिए हायर एजुकेशन अनुदान
स्टालिन ने कहा कि छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा अनुदान की मासिक राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये की जाएगी, ताकि उनकी शिक्षा और करियर को बेहतर हो सके.
महिलाओं की पसंद की चीजें खरीदने के लिए मिलेंगे 8000 रुपये
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि इल्लाथु अरसी योजना के तहत महिलाओं को वाशिंग मशीन, ग्राइंडर, टीवी, माइक्रोवेव आदि जैसी अपनी पसंद की चीजें खरीदने के लिए 8000 रुपये दिए जाएंगे. कर न देने वाली सभी महिलाओं को यह सहायता मिलेगी. वे इसे अपने आस-पास की दुकान से खरीद सकती हैं.
किसानों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुफ्त बिजली योजना के तहत किसानों को बिना मीटर वाले आधुनिक पंपसेट दिए जाएंगे. साथ ही 5 साल में 10 लाख नए घर बनाने का लक्ष्य रखा गया है.
स्वास्थ्य बीमा होगा डबल
द्रमुक के घोषणापत्र में यह वादा किया गया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा पर सालाना इनकम को 5 लाख रुपये और बीमा राशि को 10 लाख रुपये किया जाएगा. जिला और तालुका स्तर के सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस सुविधाओं को दोगुना किया जाएगा. मछुआरों को मछली पकड़ने पर प्रतिबंध की अवधि में सहायता राशि 8000 रुपये से बढ़कर 12000 रुपये और कम उत्पादन की अवधि में सहायता 6,000 रुपये से बढ़कर 9,000 रुपये की जाएगी. दूध की खरीद मूल्य में 5 रुपये प्रति लीटर क इजाफा किया जाएगा. सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए, केंद्र सरकार की ओर से घोषित किए जाने के बाद 8वें वेतन आयोग के लाभों को लागू करने और सुनिश्चित पेंशन योजना को तय करने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा.
31 मार्च को तिरुवरूर से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के अध्यक्ष एमके स्टालिन आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 31 मार्च को तिरुवरूर निर्वाचन क्षेत्र से अपने चुनाव प्रचार के पहले चरण की शुरुआत करेंगे. पार्टी ने रविवार को यह जानकारी दी है. तिरुवरूर डीएमके के दिवंगत नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि का गृह नगर है. पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार स्टालिन द्रमुक और गठबंधन दलों के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे. मुख्यमंत्री स्टालिन 31 मार्च से दो अप्रैल तक डीएमके और इसके नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे. तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










