देशभर में ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ : PM मोदी करेंगे खिलाड़ियों से बात, 4 मुख्य मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (File Photo)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवा और उभरते खिलाड़ियों से बात करेंगे. ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ के जरिए खेल, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा होगी. कुछ देर के बाद कार्यक्रम की शुरुआत होगी.
पीएम मोदी की यह खास बातचीत देश के 1,500 से ज्यादा स्कूल-कॉलेजों में आयोजित होगी. इसमें देशभर के युवा और खिलाड़ी जुड़ेंगे और खेल के साथ-साथ युवाओं से जुड़े मुद्दों पर पीएम मोदी से सीधे बातचीत करेंगे. इसका मकसद युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है.
इस कार्यक्रम के जरिए देशभर के युवा और उभरते खिलाड़ी खेलों और युवाओं के भविष्य को लेकर अपने विचार, सुझाव और नए आइडिया सीधे शेयर कर सकेंगे. इसमें आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स समेत देश के प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय भी शामिल होंगे. यानी अलग-अलग संस्थानों के युवा एक प्लेटफॉर्म से जुड़कर खेलों को बेहतर बनाने और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपनी बात रख सकेंगे.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे पीएम मोदी
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी के संबोधन के बाद देशभर में शामिल सभी स्कूल-कॉलेजों और अन्य संस्थानों में कार्यक्रम शुरू होंगे. यानी पहले युवा प्रधानमंत्री मोदी की बात सुनेंगे और उसके बाद अपने-अपने संस्थानों में खेल और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी: 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया डायलॉग’, युवाओं से खेल और फिटनेस पर होगा संवाद
चार मुख्य मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे युवा
इस कार्यक्रम का मकसद युवाओं की सोच और उनकी जमीनी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है. इसमें युवा चार मुख्य मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे.
- पहला, गांव और छोटे शहरों तक खेल की सुविधाएं, अच्छे कोच और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के ज्यादा मौके पहुंचाना.
- दूसरा, 2036 ओलंपिक के लिए अभी से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देना.
- तीसरा, युवाओं को नेतृत्व और सरकारी कामकाज में ज्यादा भागीदारी का मौका देना.
- चौथा, युवाओं को नई तकनीक और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से कौशल सिखाना, स्वयंसेवा और देश के विकास से जोड़ना.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए