शिवसेना (UBT) को बड़ा झटका: 6 सांसद शिंदे गुट में शामिल, स्पीकर के दरबार पहुंची ठाकरे सेना
एकनाथ शिंदे के साथ शिवसेना (यूबीटी) के साथ( स्रोत- एएनआई )
Shiv Sena (UBT) News:शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने से महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है. पार्टी ने बागी सांसदों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जबकि आदित्य ठाकरे ने एकनाथ शिंदे पर हमला बोलते हुए उन्हें "फेकनाथ" करार दिया और शिवसेना को तोड़ने का आरोप लगाया है.
Shiv Sena (UBT) News:शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. पार्टी के 6 लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार शाम 5 बजे दोनों पक्षों के नेताओं को बैठक के लिए बुलाया है.
स्पीकर के सामने पक्ष रखेगी ठाकरे सेना
शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे. ठाकरे गुट का कहना है कि बागी सांसदों को अलग समूह के रूप में मान्यता नहीं दी जानी चाहिए. दोनों नेता स्पीकर से अनुरोध करेंगे कि पार्टी की आधिकारिक पहचान और अधिकार UBT गुट के पास ही बने रहें.
6 सांसदों के जाने से बढ़ी मुश्किलें
सोमवार को शिवसेना (UBT) के गुट के सांसद संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, ओमप्रकाश निम्बालकर, संजय पाटिल, संजय देशमुख और नागेश पाटिल अष्टीकर औपचारिक रूप से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए. इसे शिंदे गुट की बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है.
संजय राउत ने कहा- गद्दारों के खिलाफ होगी कार्रवाई
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा है कि महाराष्ट्र के “गद्दारों” के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने लिखा कि उनकी हिम्मत अभी भी बुलंद है और महाराष्ट्र की राजनीति में यह संघर्ष आगे भी चलता रहेगा.
आदित्य ठाकरे ने शिंदे पर साधा निशाना
शिवसेना (UBT) के विधायक आदित्य ठाकरे ने एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने शिंदे को “फेकनाथ मिंदे” कहकर पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पार्टी को कमजोर करने की साजिश लंबे समय से रची जा रही है.
शिंदे गुट ने और सांसदों के आने के दावा किया
शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि यह सब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व और जनता के भरोसे का परिणाम है. उन्होंने कथित तौर पर दावा है कि आने वाले दिनों शिवसेना (UBT) के और भी सांसद तथा नेता शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं.
संजय राउत पर लगाए गंभीर आरोप
शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि UBT गुट के पतन के लिए संजय राउत जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि राउत की कार्यशैली से नाराज हैं. उन्होंने दावा किया कि पार्टी में सहयोग नहीं मिलने के कारण कई नेता नया रास्ता चुन रहे हैं.
महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़
शिवसेना (UBT) के 6 सांसदों के दल बदलने के बाद शिवसेना की अंदरूनी लड़ाई एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है. अब सबकी नजर लोकसभा अध्यक्ष के फैसले पर टिकी है, जो दोनों गुटों की राजनीतिक ताकत और भविष्य पर बड़ा असर डाल सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










