राहुल गांधी ने बापू, नेहरू, इंदिरा, अटल बिहारी वाजपेयी और जगजीवन राम की समाधियों पर अर्पित की श्रद्धांजलि

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :26 Dec 2022 11:04 AM (IST)
विज्ञापन
राहुल गांधी ने बापू, नेहरू, इंदिरा, अटल बिहारी वाजपेयी और जगजीवन राम की समाधियों पर अर्पित की श्रद्धांजलि

राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' की भावना के तहत प्रमुख नेताओं की समाधियों पर जा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है. गांधी परिवार का कोई सदस्य या कांग्रेस का कोई शीर्ष नेता पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचा है.

विज्ञापन

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री की समाधियों के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता रहे और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की. गांधी सबसे पहले अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की समाधि ‘वीर भूमि’ गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद उन्होंने इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’, नेहरू की समाधि ‘शांति वन’, लाल बहादुर शास्त्री की समाधि ‘विजय घाट’, महात्मा गांधी की समाधि राजघाट और वाजपेयी की समाधि ‘सदैव अटल’ जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके अलावा, राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की समाधियों पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

कांग्रेस का पहला नेता अटल जी की समाधि पर दिया श्रद्धांजलि

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की भावना के तहत प्रमुख नेताओं की समाधियों पर जा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है. गांधी परिवार का कोई सदस्य या कांग्रेस का कोई शीर्ष नेता पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचा है. वाजपेयी की 25 दिसंबर को जयंती थी. कांग्रेस के अनुसार, पहले राहुल गांधी का शनिवार शाम ही इन नेताओं की समाधियों पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन पदयात्रा पूर्ण होने में समय लग जाने के कारण इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया.

शनिवार को दिल्ली पहुंचे राहुल गांधी

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में करीब 3,000 किलोमीटर की दूरी तय करके दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने इन प्रमुख नेताओं की समाधियों पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की. पदयात्रा करते हुए राहुल और कई अन्य ‘भारत यात्री’ शनिवार को दिल्ली में दाखिल हुए थे. कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा अब तक नौ राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली से गुजर चुकी है. यात्रा लगभग आठ दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी.

Also Read: राहुल गांधी पर रविशंकर प्रसाद ने किया तीखा हमला, पूछा- भारत जोड़ो यात्रा में आप देश से कितना जुड़े
पहली बार यात्रा में शामिल हुईं सोनिया गांधी

राहुल गांधी की पदयात्रा को दिल्ली में प्रवेश करने के बाद कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली दफा भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं. उनके साथ, राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल थीं. राहुल गांधी की पदयात्रा जब राजस्थान में पहुंची, तो इसने 23 दिसंबर को अपने 100 दिन पूरे किए थे. दिल्ली की पदयात्रा में अभिनेता कमल हसन भी शामिल हुए.

भाषा इनपुट

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन