UP Politics: यूपी में सियासी हलचल तेज, पीएम मोदी से मिले भूपेंद्र चौधरी, राज्यपाल आनंदीबेन से सीएम योगी ने की मुलाकात
Published by : Pritish Sahay Updated At : 18 Jul 2024 7:21 AM
UP Politics | PTI
UP Politics: यूपी में जोर पकड़ते सियासी हलचल के बीच मुलाकातों का दौर भी जारी है. बुधवार को यूपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पीएम मोदी से मुलाकात की तो वहीं, सीएम योगी ने राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की है.
UP Politics: लोकसभा चुनाव में बीजेपी को यूपी में उम्मीद से काफी कम सीटें मिलने से जहां पार्टी में मंथन का दौर जारी है. इस बीच प्रदेश बीजेपी में खींचतान की खबरें भी जोर पकड़ रही हैं. अटकल लगाया जा रहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बीच मतभेद है. साथ ही यूपी बीजेपी के प्रमुख भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सियासी हलचल और बढ़ा दी. राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर चर्चा तेज है. जाहिर है यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब यूपी में पार्टी संगठनात्मक बदलाव की अटकलें जोर पकड़ रही हैं. इसी कड़ी में सीएम योगी का राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात भी सियासी सरगर्मी बढ़ा रहा है.
सीएम योगी और मौर्य के बीच क्या वाकई मतभेद है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच मतभेदों की खबरों को तब हवा लगी जब मौर्य ने 14 जुलाई को लखनऊ में हुई पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कहा कि संगठन हमेशा सरकार से बड़ा होता है. उनके बयान से यूपी की सियासी गलियारों में हलचल मच गई. इस बयान को सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमले के रूप में देखा गया. सबसे बड़ी बात कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया था. इस बैठक में सीएम योगी ने भी राज्य में चुनावी हार के लिए अति आत्मविश्वास को परोक्ष रूप से जिम्मेदार ठहराया था. सीएम योगी ने कहा था कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रचार अभियान का प्रभावी ढंग से मुकाबला नहीं कर किया गया.
यूपी को बीजेपी के गढ़ के रूप में जाना जाता है. 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत में यूपी की भूमिका बेहद खास रही थी. लेकिन 2024 में पार्टी का प्रदर्शन बीजेपी के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. इसके अलावा नतीजों के बाद संगठन में चल रही खींचतान भी बीजेपी के लिए बड़ी टेंशन बनी हुई है. ऐसे में केशव प्रसाद मौर्य के ऑफिस से सोशल मीडिया मंच एक्स पर की गयी पोस्ट ‘संगठन सरकार से बड़ा है, कार्यकर्ताओं का दर्द मेरा दर्द है. संगठन से बड़ा कोई नहीं, कार्यकर्ता ही गौरव हैं’ ने विपक्ष को सरकार को घेरने का रास्ता दे दिया है.
धूमिल हुई है बीजेपी की छवि!
यूपी की राजनीति में खासकर सीएम योगी के समर्थक के बीच उनकी छवि एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री की है. उन्होंने पार्टी के हिंदुत्व के एजेंडे को आगे बढ़ाया है और कानून-व्यवस्था पर भी मजबूत पकड़ बनाए रखा है. लेकिन हाल की घटनाओं और बयानबाजियों ने प्रदेश में पार्टी की छवि को धूमिल किया है. बीजेपी के एक दो नेताओं ने भी स्वीकार किया है कि कुछ नेताओं की टिप्पणियों ने एक अनुशासित पार्टी के रूप में भाजपा के कद को छोटा किया है. बता दें, हाल के लोकसभा चुनावों में सपा और कांग्रेस के ‘इंडिया’ गठबंधन ने प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 पर जीत दर्ज की है. वहीं, एनडीए के खाते में सिर्फ 36 सीटें ही आईं. साल 2019 में एनडीए ने प्रदेश की 64 सीटें जीती थीं.
अखिलेश यादव ने किया कटाक्ष
इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी की टेंशन बढ़ा दी है. अखिलेश ने अपने पोस्ट पर लिखा है कि दिन पर दिन बीजेपी कमजोर हो रही है. पार्टी में टकराव और भटकाव का दौर शुरू हो गया है. बीजेपी खेमों में बंट गयी है. बिना किसी का नाम लिए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के एक नेता महोदय अपने ही शीर्ष नेतृत्व के दिए नारे को नकार रहे हैं. तो कोई मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं कि बैकफुट पर जाने की जरूरत नहीं है, जो उछल-कूद कर रहे हैं वो बैठा दिये जाएंगे. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी में एक-दूसरे को कमतर दिखाने के लिए कठपुतली का खेल खेला जा रहा है. सबकी डोरी अलग-अलग हाथों में है. पर्दे के पीछे की लड़ाई अब सरेआम हो गयी है. इंजन ही नहीं अब तो डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं.
केशव प्रसाद मौर्य ने किया पलटवार
सपा अध्यक्ष के पोस्ट पर पलटवार करते हुए यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी प्रदेश और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर मजबूत है और 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव जीतेगी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी, भाजपा के पास राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर मजबूत संगठन और सरकार है, सपा का पीडीए एक धोखा है. यूपी में सपा की गुंडागर्दी की वापसी असंभव है, भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 को दोहराएगी. भाषा इनपुट के साथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










