PM Modi-Trump Phone Call: डोनाल्ड ट्रंप से पीएम मोदी की फोन पर क्या हुई बात? कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक की कर दी मांग

Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 18 Jun 2025 6:22 PM

विज्ञापन
pm modi Trump ai generated images

PM Modi-Trump Phone Call: तीन देशों की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-7 की बैठक से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की. इस दौरान पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की और ट्रंप को बताया कि पाकिस्तान के आग्रह पर ही भारत ने सैन्य कार्रवाई रोकी. दोनों वैश्विक नेताओं के बीच करीब 35 मिनट बातचीत हुई. इस बीच प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और ट्रंप के बीच फोन पर क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की.

विज्ञापन

PM Modi-Trump Phone Call: कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेश दौरे से लौटते ही सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी राजनीतिक दलों को यह बताना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर उनकी क्या बातचीत हुई है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को व्हाइट हाउस में भोज के लिए बुलाया जाना भारत के लिए कूटनीतिक झटका है और इस पर प्रधानमंत्री को ट्रंप के समक्ष नाराजगी जतानी चाहिए थी.

राष्ट्र को विश्वास में लें मोदी : रमेश

रमेश ने कहा, “खबर आई है कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत हुई है. कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने ट्रंप से कहा कि व्यापार पर चर्चा नहीं हुई थी और मध्यस्थता की कोई गुंजाइश नहीं है और यह भारत और पाकिस्तान के बीच हल किया जाने वाला मामला है.” उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री यह बात सर्वदलीय बैठक में क्यों नहीं कहते? उन्होंने कहा, “इसीलिए हमने संसद के विशेष सत्र की मांग की ताकि प्रधानमंत्री राष्ट्र को विश्वास में लें और वे सारी बातें कहें जो उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप से कहनी चाहिए थीं.”

पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई 35 मिनट की बात

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई करीब 35 मिनट की बातचीत पर एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर के सिलसिले में व्यापार से जुड़े किसी विषय पर चर्चा नहीं हुई. उन्होंने कहा कि भारत ने कभी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की और भविष्य में भी ऐसी कोई मध्यस्थता स्वीकार नहीं करेगा.’’ विदेश सचिव के मुताबिक, मोदी ने ट्रंप से फोन पर बात की और उन्हें स्पष्ट रूप से कहा कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान पर हमले पड़ोसी देश के अनुरोध पर रोके थे न कि अमेरिका द्वारा मध्यस्थता या किसी व्यापार समझौते की पेशकश के कारण.

जी-7 बैठक से इतर मोदी-ट्रंप के बीच होनी थी बैठक

विदेश सचिव मिसरी ने बताया कि मोदी और ट्रंप का जी7 शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात करने का कार्यक्रम था लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के शिखर सम्मेलन से समय से पहले विदा लेने के कारण यह बैठक नहीं हो पायी. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने मोदी से बात करने पर जोर दिया, जिसके बाद फोन पर बातचीत करायी गयी.

ट्रंप के 14 दावों पर चुप्पी तोड़ने में मोदी को 37 दिन लग गए : जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उल्लेख किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 14 बार यह दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच उन्होंने मध्यस्थता करवाई. “ट्रंप के 14 दावों पर अपनी चुप्पी तोड़ने में उन्हें (मोदी को) 37 दिन लग गए. इसलिए उन्हें राष्ट्र को विश्वास में लेना चाहिए. कांग्रेस महासचिव के अनुसार, ट्रंप के मध्यस्थता संबंधी दावे, आसिम मुनीर को व्हाइट हाउस में दोपहर के भोज पर बुलाया जाना और माइकल कुरिल्ला का बयान प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति के लिए तीन बड़े झटके हैं. उन्होंने कहा, “ये अप्रत्याशित झटके हैं। हमें दिखावे पर कम और तथ्य पर अधिक निर्भर रहना चाहिए। राष्ट्र को विश्वास में लेने और सामूहिक इच्छाशक्ति और संकल्प व्यक्त करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है.”

विज्ञापन
ArbindKumar Mishra

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola