निर्भया को इंसाफ : PM मोदी ने कहा, न्याय की जीत हुई, महिला आयोग, अन्य नेताओं ने किया स्वागत

Published by :AmleshNandan Sinha
Published at :20 Mar 2020 10:07 PM (IST)
विज्ञापन
निर्भया को इंसाफ : PM मोदी ने कहा, न्याय की जीत हुई, महिला आयोग, अन्य नेताओं ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्भया सामूहिक बलात्कार एवं हत्याकांड के दोषियों को शुक्रवार तड़के फांसी पर लटकाये जाने को न्याय की जीत बताया. कई अन्य मंत्रियों एवं महिला अधिकार समूहों ने भी इसका स्वागत किया है.

विज्ञापन

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्भया सामूहिक बलात्कार एवं हत्याकांड के दोषियों को शुक्रवार तड़के फांसी पर लटकाये जाने को न्याय की जीत बताया. कई अन्य मंत्रियों एवं महिला अधिकार समूहों ने भी इसका स्वागत किया है. इस घटना के समय दिल्ली पुलिस के प्रमुख रहे नीरज कुमार ने इस मामले को अपने 37 साल के करियर का ‘सबसे अहम मामला’ करार दिया है.

दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 की रात एक चलती बस में पैरामेडिकल की 23 वर्षीय छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या के चारों दोषियों मुकेश सिंह, पवन गुप्ता, विनय शर्मा, और अक्षय कुमार सिंह को शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गयी.

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘न्याय की जीत हुई है. महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है.’ मोदी ने कहा, ‘हमारी नारी शक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ी है और हमें ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है जहां ध्यान महिला सशक्तिकरण, समानता और अवसर प्रदान करने पर हो.’

undefined

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने इस संबंध में कहा कि इससे अपराधियों को सख्त संदेश जायेगा कि वे कानून से भाग नहीं सकते. ईरानी ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने इतने साल में निर्भया की मां का संघर्ष देखा है. हालांकि न्याय पाने में समय लगा लेकिन आखिरकार न्याय हुआ. यह लोगों को भी संदेश है कि भले ही आप कानून से भागने का प्रयास करें लेकिन आप इससे बच नहीं सकते. मुझे खुशी है कि न्याय हुआ.’ उन्होंने कहा, ‘मैं आज के दिन का दिल की गहराइयों से स्वागत करती हूं कि आखिरकार निर्भया को न्याय मिला. दोषियों को फांसी हर अपराधी को यह संदेश है कि एक न एक दिन कानून आपको पकड़ लेगा.’

undefined

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज का दिन यह संकल्प लेने का दिन है कि हम अब और कोई निर्भया कांड नहीं होने देंगे. केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘सात साल बाद आज निर्भया के दोषियों को फांसी हुई। आज संकल्प लेने का दिन है कि अब दूसरा निर्भया मामला नहीं होने देंगे. पुलिस, अदालत, राज्य सरकार, केंद्र सरकार सबको संकल्प लेना है कि हम सब मिलकर सिस्टम की कमियों को दूर करेंगे और भविष्य में किसी बेटी के साथ ऐसा नहीं होने देंगे.’

undefined

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने निर्भया मामले के दोषियों को फांसी दिये जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह आत्मावलोकन का समय है कि क्या फांसी की सजा पाने वाले दोषियों को मामले को खींचने के लिए इस तरह प्रणाली को तोड़ने-मरोड़ने की अनुमति दी जा सकती है.

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि निर्भया को न्याय मिल गया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि जो कोई भी महिलाओं की गरिमा को भंग करता है, उसे माफ नहीं किया जायेगा. हमें नया भारत बनाना है, जहां हर महिला का सम्मान हो और उसे समान अवसर मिले.’

undefined

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने ट्वीट किया, ‘उम्मीद है कि न्याय मिलने के बाद निर्भया की आत्मा को आखिरकार शांति मिली होगी. लंबी कानूनी लड़ाई के बाद उसके माता-पिता ने अपनी बेटी के लिए न्याय की लड़ाई जीत ली. चारों लोगों को एक युवा मेडिकल छात्रा पर बर्बर अपराध के लिए अंतत: दोषी ठहराया गया और आज सुबह फांसी दी गयी.’ उन्होंने कहा, ‘इस मामले ने हमें न्याय प्रणाली की कमियों को दिखाया जिसका चारों दोषियों ने फायदा उठाया. आज जब हम जानते हैं कि आखिरकार दोषियों को फांसी दी गयी तो मैं उम्मीद करती हूं कि यह दूसरे लोगों को अपराध करने से रोकने का काम करेगा और भविष्य में किसी मामले में न्याय देने के लिए इतना लंबा वक्त नहीं लगना चाहिए.’

undefined

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी ट्वीट किया ‘यह पूरे देश की जीत है. अब हमें एक मजबूत व्यवस्था बनानी होगी.’ उन्होंने ट्वीट किया ‘सत्यमेव जयते.’ स्वाति ने कहा कि सात साल के इंतजार के बाद न्याय की जीत हो गयी. निर्भया कांड के समय दिल्ली पुलिस के प्रमुख रहे नीरज कुमार ने कहा कि इस मामले के साथ उनकी प्रतिष्ठा दांव पर थी क्योंकि इस घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा था.

undefined

महिलाओं के लिए काम करने वाली संस्‍था ब्रेकथ्रू की सीनियर डायरेक्टर (कंटेंट एंड डिजाइन) सुनीता मेनन ने कहा कि निर्भया केस में दोषियों को आज फांसी से दे दी गयी लेकिन यह कारगर उपाय नहीं है. जब तक हम लड़कियों के प्रति समाज की सोच को, न्याय व्यवस्था को और संबंधित जांच एजेंसियां सहित पुलिस को भी संवेदनशील नहीं करेंगे इस तरह के मामलों में न्याय मिलना मुश्किल है. उन्‍होंने कहा कि मौत की सजा इसका उपाय नहीं है क्योंकि विश्व भर के आंकड़े कहते हैं कि डेथ पेनल्टी के बाद भी इस तरह के मामलों में कोई कमी नहीं आयी, इसकी वजह से यह जरूर हुआ है कि अपराध करने वाला अपराधी जिसके साथ अपराध करता है उसको क्रूरता के साथ मार देता है. जिससे उसके खिलाफ कोई सबूत ना मिल पाए. हाल के दिनों में उन्नाव सहित हैदराबाद की घटनाएं इसका ताजा उदाहरण हैं. जरूरी है कि हम लोगों की सोच में बदलाव लाएं.

क्रिकेटर से राजनेता बने गौतम गंभीर ने ट्वीट कर कहा कि दोषियों को अंतत: फांसी मिली. भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आखिरकार निर्भया को न्याय मिला. निर्भया के सामूहिक बलात्कार के बाद उसका उपचार करने वाले सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि निर्भया एक ‘बहादुर युवती’ थी और दोषियों को फांसी देकर कानून ने अपना काम किया है. एक चिकित्सक ने कहा कि निर्भया के साथ जो किया गया था, उसे देखकर अस्पताल की अधिकतर रेजीडेंट डॉक्टर सदमे में आ गयी थीं.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola