अब सिर्फ ‘ताबेन जोम’ नहीं बेटियों को मिलेगा संपत्ति पर मालिकाना हक, जानिए घर दामाद की परंपरा पर कोर्ट ने क्या की टिप्पणी
संताल आदिवासी महिलाएं, फोटो-एक्स
झारखंड के जामताड़ा जिले की एक महिला ने साल 1985 में अपने पिता की संपत्ति पर अधिकार को लेकर मुकदमा दायर किया था. करीब 41 साल पुराने इस विवाद में झारखंड हाईकोर्ट का फैसला आया है, जिसे संताली समाज में महिलाओं के संपत्ति अधिकार को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
झारखंड हाईकोर्ट ने 23 नवंबर को यह फैसला सुनाया कि संताली समाज परंपरा के नाम पर बेटियों के पिता की संपत्ति पर अधिकार को समाप्त नहीं कर सकता है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बेटी को उत्तराधिकार से वंचित करने की किसी भी परंपरा का ठोस प्रमाण देना होगा. कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि किसी लड़की की शादी ‘घर जमाई’ परंपरा के तहत नहीं हुई है, तो उसे पिता की संपत्ति के उत्तराधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता. किसी प्रथा को कानूनी मान्यता देने के लिए उसका प्रमाणित होना आवश्यक है. हाईकोर्ट का यह निर्णय आदिवासी समाज में महिलाओं की सामाजिक स्थिति को सुदृढ़ करता है और पैतृक संपत्ति में उनके हक को मजबूती देता है.
दरअसल, संताल और झारखंड के अन्य आदिवासी समुदायों में यह मान्यता रही है कि यदि किसी व्यक्ति का कोई पुत्र न हो, तो भी उसकी बेटियों को पिता की जमीन पर मालिकाना हक नहीं मिलता. आइए समझते हैं कि संताली समाज में पैतृक संपत्ति को लेकर किस तरह की परंपराएं प्रचलित हैं, जिन पर कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है.
संतालों में क्या है ‘ताबेन जोम’ की परंपरा?
आदिवासी समाज में संपत्ति की अवधारणा व्यक्तिगत न होकर सामूहिक होती है. यहां पारंपरिक रूप से महिलाओं को जमीन का मालिकाना हक नहीं दिया जाता है. यानी एक महिला के नाम पर जमीन का कोई टुकड़ा दर्ज नहीं हो सकता और भूमि पर अधिकार केवल पुरुषों का होता है. महिला किसी जमीन को न तो बेच सकती है और न ही खरीद सकती है. यह संतालों और अन्य आदिवासी समाज में प्रचलित एक ‘कस्टमरी लॉ’ (पारंपरिक कानून) है.
संताली परंपरा के अनुसार, एक विवाहित बेटी को जमीन पर जो सीमित हक मिलता है, उसे ‘ताबेन जोम’ कहते हैं. यह हक महिलाओं को तब दिया जाता है, जब ससुराल में उन्हें जगह न मिले या पति के साथ उनके रिश्ते खराब हो जाएं. ‘ताबेन’ का अर्थ होता है ‘चूड़ा’ और ‘जोम’ का अर्थ होता है ‘भोजन’. इस लिहाज से एक संताली महिला को मायके में केवल इतनी ही कृषि योग्य जमीन दी जाती है कि वह उससे अपना गुजर-बसर कर सके.
‘घर जमाई’ की परंपरा पर कोर्ट ने क्या कहा?
संतालों में यह प्रथा प्रचलित है कि यदि किसी पिता का कोई पुत्र न हो, तो वह अपनी बेटी की शादी ‘घर जमाई’ परंपरा के तहत कर देता है. इस परंपरा के अनुसार, विवाह के बाद पुरुष को अपने ससुराल में घर दामाद बनकर रहना होता है और वही अपने ससुर की संपत्ति का उत्तराधिकारी बनता है. इस मामले में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि किसी लड़की की शादी इस परंपरा के तहत नहीं भी हुई है, तो भी उसे पैतृक संपत्ति से बेदखल नहीं किया जा सकता. साथ ही, इस प्रथा को कानूनी आधार देने के लिए इसके अनिवार्य रूप से पालन किए जाने के ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे.
कोर्ट के फैसले से महिलाओं को मिलेगा वास्तविक हक
झारखंड हाईकोर्ट के इस निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक्टिविस्ट और पेशे से लेक्चरर रजनी मुर्मू ने कहा कि यह एक स्वागतयोग्य फैसला है और इससे महिलाओं को उनके वास्तविक अधिकार मिल सकेंगे. उन्होंने कहा कि कस्टमरी लॉ पर कोर्ट ने जिस तरह की स्पष्ट टिप्पणी की है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ था. कस्टमरी लॉ की आड़ में अक्सर महिलाओं का हक छीना जाता है और कुछ लोगों के कह देने भर से किसी बात को परंपरा मान लेना उचित नहीं है. रजनी मुर्मू के अनुसार, निश्चित तौर पर इस फैसले से समाज में जागरूकता आएगी. हालांकि, उन्होंने यह चिंता भी जताई कि कई बार अदालती फैसलों के बावजूद समाज बेटियों को हक देने में आनाकानी करता है और अकेली महिला को प्रताड़ना या बेदखली का सामना करना पड़ता है. इसके बावजूद, उन्हें उम्मीद है कि यह फैसला जमीनी स्तर पर परिस्थितियों को बदलेगा.
एक्टिविस्ट और मशहूर संताली कवयित्री निर्मला पुतुल का मानना है कि झारखंड हाईकोर्ट का यह फैसला महिलाओं के संघर्ष को नई मजबूती देगा. वे कहती हैं कि अब तक संपत्ति का अधिकार प्राप्त करने में महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें कानूनी तौर पर बड़ी सहूलियत मिलेगी. निर्मला पुतुल के अनुसार, कोर्ट के फैसले के बाद भी महिलाओं को सामाजिक दबावों के बीच सामंजस्य बिठाना पड़ता है, लेकिन अब उनमें यह आत्मविश्वास जरूर आएगा कि यदि वे न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी, तो उन्हें उनका हक अवश्य मिलेगा.
ये भी पढ़ें : दुमका के शिकारीपाड़ा में कोयला खदान का विरोध: आदिवासियों की जमीन पर हक किसका, सरकार का या ग्रामसभा का?
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए