ईरान-अमेरिका युद्ध: विदेश मंत्रालय का बयान, मर्चेंट शिप पर हमले में तीन भारतीयों की मौत, एक लापता

Updated at : 12 Mar 2026 8:17 PM (IST)
विज्ञापन
Oil Tanker Attack

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल, फोटो- पीटीआई

ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल संघर्ष के बीच व्यापारिक जहाजों पर हमलों में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है और एक शख्स लापता है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि स्काईलाइट और एमकेडी व्योम जहाजों पर हमले में नागरिक हताहत हुए हैं. एमईए ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने का प्रयास जारी है.

विज्ञापन

Oil Tanker Attack: ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल के बढ़ते सैन्य टकराव के बीच व्यापारिक जहाजों पर हमलों में अब तक तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है. विदेश मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है. मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि ये सभी नागरिक व्यापारिक जहाजों के चालक दल के सदस्य थे. उन्होंने कहा कि एक भारतीय नागरिक की मौत इराक के पास मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाले जहाज सेफसी विष्णु पर हुई. रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमले में मारे गए नागरिकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में अब तक दो दर्जन से अधिक भारतीय नागरिक घायल हो चुके हैं.

व्यापारिक जहाजों पर हमले में भारतीय नागरिक हताहत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि स्काईलाइट नाम के कमर्शियल पोत पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है. पोत पर सवार सभी आठ सदस्यों के यात्रा दस्तावेज और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गई हैं. मस्कट स्थित भारतीय दूतावास कंपनी के संपर्क में है ताकि अन्य आवश्यक मदद मुहैया कराई जा सके और नागरिक सुरक्षित घर लौट सकें. जायसवाल ने यह भी बताया कि दूसरे जहाज एमकेडी व्योम पर भी हमला हुआ, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हुई, जबकि अन्य 16 सदस्य पहले ही घर लौट चुके हैं.

विदेश मंत्रालय ने दिया भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का भरोसा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- भारत खाड़ी देशों में रहने वाले अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने एक संपर्क केंद्र स्थापित किया है, जहां नागरिकों से आए कॉल्स को रिसीव कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं.

13 दिनों से जारी है मिडिल ईस्ट में जंग

ईरान के साथ इजराइल और अमेरिका की बीते 13 दिनों से जंग जारी है. लड़ाई के कारण होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है. बढ़ते तनाव के बीच कई मर्चेंट शिप और तेल टैंकर हमलों की चपेट में आ चुके हैं. संघर्ष के कारण समुद्री यातायात प्रभावित होने से वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले किए थे, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. लड़ाई में ईरान में 1200 से अधिक, लेबनान में 397 से अधिक, इजराइल में 11 और अमेरिका के छह लोगों की जान गई है.

इसे भी पढ़ें: इथियोपिया लैंडस्लाइड: 50 लोगों की मौत, सैकड़ों लापता, कीचड़ में दबे मिले कई शव

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola