होर्मुज में जब्त जहाज पर राजस्थान का अफसर, परिवार को फोन करके कहा- सुरक्षित हूं

Updated:
विज्ञापन

होर्मुज स्ट्रेट (File Photo)

ईरान के Islamic Revolutionary Guard Corps (आईआरजीसी) ने होर्मुज स्ट्रेट में जिस कंटेनर जहाज को पकड़ा है, उसमें एक भारतीय भी है. जानें क्या जानकारी आयी सामने.

विज्ञापन

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में जिस कंटेनर जहाज को पकड़ा है, उसमें राजस्थान के श्रीगंगानगर के रहने वाले संजय माहर भी शामिल हैं. वे मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं. उनके परिवार ने शुक्रवार (24 अप्रैल) को बताया कि वह जहाज के स्टाफ का हिस्सा हैं और इस खबर के बाद परिवार काफी चिंतित है. परिवार के मुताबिक ‘एपामिनोंडेस’ नामक यह जहाज भारत आ रहा था. उसमें सवार 21 चालक दल के सदस्यों में श्रीगंगानगर के सद्भावना नगर निवासी वाइस कैप्टन संजय माहर भी शामिल हैं जो 38 साल के हैं.

विज्ञापन

संजय माहर के पिता ने क्या बताया

परिवार के मुताबिक संजय माहर ने बताया कि जहाज के सभी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन उस वक्त काफी तनाव हो गया था. उनके पिता ओम प्रकाश ने कहा कि जब जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था, तभी ईरान की तरफ से फायरिंग हुई. इसके बाद सभी लोग तुरंत जहाज के अंदर सुरक्षित जगह पर चले गए.

यह भी पढ़ें : मिसाइल डिस्ट्रॉयर USS राफेल पेराल्टा ने रोका ईरानी जहाज, US की समुद्री नाकेबंदी से बढ़ी टेंशन

ओम प्रकाश ने बताया कि उन्हें इस घटना की खबर पहले मीडिया से मिली. बाद में बेटे ने फोन कर बताया कि वह सुरक्षित है, जिससे थोड़ी राहत मिली. उन्होंने कहा कि भले ही बेटा सुरक्षित है, लेकिन परिवार अभी भी काफी चिंतित है. उन्होंने सरकार से अपील की है कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया जाए.

मंजूरी का इंतजार कर रहा था जहाज

लाइबेरिया के झंडे वाला यह जहाज तीन-चार दिन से होर्मुज के पास गुजरात के मुंद्रा पोर्ट जाने की मंजूरी का इंतजार कर रहा था. जैसे ही जहाज आगे बढ़ा, अचानक गोलीबारी शुरू हो गई और हालात तनावपूर्ण हो गए.

परिवार ने स्थानीय विधायक से संपर्क किया

संजय के भाई सुभाष माहर ने बताया कि परिवार ने स्थानीय विधायक जयदीप बिहाणी से संपर्क किया है और अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है. सुभाष ने कहा कि उन्होंने विधायक को पूरी जानकारी दे दी है और अनुरोध किया है कि यह मामला मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाए. परिवार को उम्मीद है कि सरकार दखल देगी और जहाज पर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित वापस लाएगी.

और किस देश के लोग हैं जहाज में

बताया जा रहा है कि इस जहाज के स्टाफ में भारत, फिलीपीन, यूक्रेन और श्रीलंका के लोग शामिल हैं. परिवार के मुताबिक संजय माहर करीब 15 साल से मर्चेंट नेवी में काम कर रहे हैं. वह लगभग 20 दिन पहले ही सऊदी अरब में अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और तब से जहाज पर ही थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola