यूपी-बिहार, बंगाल समेत कई राज्यों में अगले 6 दिन भारी बारिश, 60 kmph की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

अगले छह दिन इन राज्यों में भारी बारिश के आसार, फोटो- पीटीआई
Heavy Rain Alert: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में लगातार तेज बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
Heavy Rain Alert: देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर, पूर्व, मध्य, पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. शशि कांत ने बताया कि 1 जून से 9 जुलाई तक देशभर में मानसून की बारिश सामान्य से 14 प्रतिशत कम दर्ज की गई है. हालांकि, अगले दो दिनों तक मानसूनी ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति में रहेगी या थोड़ा उत्तर की ओर खिसक सकती है. इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश, लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मानसून बेहद सक्रिय रहेगा. IMD के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 12 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 13 से 15 जुलाई को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है. हालांकि बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 15 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर बना रहेगा. उत्तराखंड में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. लगातार बारिश के चलते लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़ और सड़कें बंद होने जैसी स्थिति बनने की आशंका है.
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. IMD के अनुसार गुरुवार शाम राज्य के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. सिरमौर के पच्छाद में 207 मिमी, नाहन में 158.5 मिमी, कसौली में 145 मिमी और धर्मपुर में 136.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ गिरने और सड़कें बाधित होने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की एडवाइडरी जारी की है.
मैदानी इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 10 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 11 से 15 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और आगरा समेत कई जिलों में 10 और 11 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और बस्ती समेत कई जिलों में 10 से 13 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पंजाब में भी 10 से 15 जुलाई के बीच कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. दूसरी ओर राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर पड़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
मध्य भारत में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
मध्य भारत में भी मानसून का असर बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर, उज्जैन समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 जुलाई, जबलपुर, कटनी, मंडला, छिंदवाड़ा समेत पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 और 15 जुलाई, विदर्भ में 14 से 15 जुलाई और छत्तीसगढ़ में 13 से 15 जुलाई तक कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से और झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती है. छत्तीसगढ़ में 10 से 13 जुलाई तक आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है.
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना
पूर्वी भारत में मानसून अगले कई दिनों तक सक्रिय रहेगा. ओडिशा में पूरे सप्ताह बारिश जारी रह सकती है. झारखंड में 10 से 15 जुलाई के बीच कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि बिहार में 12 से 15 जुलाई तक अच्छी बारिश हो सकती है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 से 15 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वोत्तर भारत में लगातार होगी बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून की बारिश का दौर जारी रह सकता है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 से 15 जुलाई तक अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 10, 13, 14 और 15 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 11 और 12 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में 13 जुलाई तक गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी.
महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में भी बरसेंगे बादल
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 10 से 15 जुलाई तक अधिकांश स्थानों पर बारिश जारी रहेगी. वहीं गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 10 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दक्षिण भारत में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
दक्षिण भारत में भी अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. तटीय आंध्र प्रदेश-यनम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 से 15 जुलाई तक बारिश की संभावना है. केरल और माहे में 11 से 15 जुलाई, तेलंगाना और लक्षद्वीप में 10 से 15 जुलाई, जबकि रायलसीमा में 10-11 और 14-15 जुलाई के दौरान बारिश का दौर बना रहेगा. इस दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और रायलसीमा में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झोंकों के दौरान हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
Also Read: पश्चिम बंगाल मौसम अपडेट : नदियां उफान पर, समुद्र की ओर जाने पर प्रतिबंध
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










