गाजीपुर: पुलिस को देखते ही कमलेश ने की फायरिंग, व्यापारी हत्याकांड का वांटेड मुठभेड़ में ढेर

Updated:
विज्ञापन

गाजीपुर मुठभेड़ (Photo: Ghazipur Police @ghazipurpolice)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गाजीपुर में व्यापारी हत्याकांड का वांटेड बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया. पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी.

विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में व्यापारी विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद बुधवार  (3 जून) देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. कमलेश 29 मई को हुए चर्चित हत्याकांड में नामजद था और इस मामले के चार आरोपियों में से एक था. पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद कार्रवाई की गई.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. इरज राजा ने मुठभेड़ के संबंध में मीडिया से बात की. उन्होंने बताया कि हत्या के बाद से ही आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही थी. कुर्था क्षेत्र में पवहारी बाबा आश्रम के पास कमलेश के छिपे होने की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और ‘स्वाट’ इकाई के कर्मियों ने बुधवार रात इलाके को घेर लिया.

विज्ञापन

मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर को भी लगी गोली

एसपी ने कहा कि जब टीम ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, तो उसने दूर से पुलिस पर गोलियां चला दीं. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में संदिग्ध घायल हो गया. पुलिस ने बाद में घायल व्यक्ति की पहचान कमलेश बिंद के रूप में की और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान ‘स्वाट’ टीम प्रभारी और सब इंस्पेक्टर रोहित मिश्रा के कंधे में गोली लगी और उनका इलाज हो रहा है. अधिकारियों ने बताया कि मौके से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, एक कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई.

कमलेश के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस ने कहा कि कमलेश के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, हमला, आपराधिक धमकी और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध शामिल थे. उसका 2017 से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. एक दिन पहले ही पुलिस ने हत्याकांड के चारों नामजद आरोपियों पर इनाम की घोषणा की थी. मुख्य आरोपी शंकर पांडे और कमलेश पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था, जबकि दो अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था.

भागने की कोशिश के दौरान विनीत को कई बार गोली मारी गई

जांचकर्ताओं के अनुसार, विनीत राय की कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग को लेकर 29 मई की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में तीन अन्य आरोपी शंकर पांडे, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी फरार हैं. पुलिस ने कहा कि गाजीपुर शहर में एक होटल चलाने वाले विनीत राय पर रात को होटल परिसर के बाहर हमला किया गया. कथित तौर पर चार हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर आए और बीयर खरीदने के बहाने होटल के गेट के पास पहुंचे और फिर उन पर गोलियां चला दीं. पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागने की कोशिश के दौरान विनीत को कई बार गोली मारी गई और बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola