Gujarat Elections 2022 Voting: गुजरात में पहले चरण के लिए मतदान समाप्त, जानिए कितने प्रतिशत हुआ वोटिंग

Gujarat Election 2022 Voting: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के लिए आज मतदान समाप्त हो गया. भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 60.20% मतदान दर्ज किया गया.
Gujarat Election 2022 Voting: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के लिए आज मतदान समाप्त हो गया. पहले चरण में सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिणी क्षेत्रों के 19 जिलों की 89 कुल विधानसभा सीटों पर 788 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है. भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 60.20% मतदान दर्ज किया गया. सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा निजार विधानसभा सीट पर 77.87 प्रतिशत और सबसे कम गांधीधाम में 39.89 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला.
चुनाव आयोग ने कहा कि मतदान के अंतिम आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है. आयोग के मुताबिक, अपराह्न 3 बजे तक 48.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. आयोग के अनुसार, अपराह्न तीन बजे तक दक्षिण गुजरात के आदिवासी बहुल तापी और नर्मदा जिलों में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया. कुछ छिटपुट घटनाओं और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में गड़बड़ी की कुछ शिकायतों को छोड़कर सुबह आठ बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया कमोबेश शांतिपूर्ण रही.
भावनगर के पलिताना में मतदान के दौरान अलग-अलग राजनीतिक दलों के दो गुटों में झड़प हो गई. वहीं, जामनगर जिले के जामजोधपुर में महिला मतदाताओं ने मतदान केंद्र पर उनके लिए कोई अलग बूथ नहीं होने पर विरोध दर्ज कराया. जबकि, जूनागढ़ में पुलिस ने कांग्रेस के एक पदाधिकारी को उस समय रोकने की कोशिश की, जब वह अपने कंधे पर रसोई गैस सिलेंडर लेकर मतदान केंद्र की ओर जा रहे थे. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान के शुरुआती तीन घंटों में विभिन्न केंद्रों पर गड़बड़ी के कारण 33 बैलट यूनिट, 29 कंट्रोल यूनिट और 69 वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) को बदला गया.
गुजरात के सीईओ कार्यालय ने एक विज्ञप्ति के मुताबिक, मतदान के शुरुआती तीन घंटे में लगभग 0.1 प्रतिशत बैलट यूनिट, 0.1 प्रतिशत कंट्रोल यूनिट तथा 0.3 प्रतिशत वीवीपीएटी को बदला गया. सभी जिलों में रिजर्व मशीन सेट उपलब्ध हैं. जहां कहीं भी कोई छोटी या बड़ी समस्या होती है तो उसे जल्द से जल्द दूर करने की व्यवस्था की गयी है. चुनाव आयोग ने 104 वर्षीय मतदाता रामजीभाई की तस्वीर ट्वीट की और कहा कि उन्होंने डाक मतपत्र का विकल्प चुनने के बजाय मतदान केंद्र पर आकर मतदान करके लोकतंत्र के उत्सव में भाग लिया. आयोग ने सुबह 100 वर्षीय मतदाता कामुबेन पटेल की एक तस्वीर ट्वीट की जिसमें वह वलसाड जिले के उंबरगांव विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र में वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगी अमिट स्याही दिखा रही हैं.
निर्वाचन आयोग ने कहा कि 6 जिलों में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया. तापी में सबसे अधिक 63.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इसके बाद नर्मदा में 63.95 प्रतिशत मतदान हुआ. दोनों दक्षिण गुजरात क्षेत्र के आदिवासी बहुल जिले हैं. दक्षिण गुजरात के एक अन्य आदिवासी बहुल जिले डांग में इस अवधि के दौरान 58.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. दक्षिण गुजरात में भी इस अवधि के दौरान नवसारी और वलसाड तथा सौराष्ट्र के गिर सोमनाथ और भावनगर में भी 50 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया.
Also Read: गुजरात चुनाव 2022: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने सिर्फ नारेबाजी की, वादे किए और लोगों को गुमराह किया
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Kumar
More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




