Ramoji Rao: मीडिया हस्ती और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव का निधन

Updated:
विज्ञापन

Ramoji Rao

Ramoji Rao: रामोजी राव का हैदराबाद के स्टार हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया है. काफी दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी. वो ह्रदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे. आज सुबह चार बजकर 50 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली.

विज्ञापन

Ramoji Rao: मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का निधन हो गया. 8 जून को सुबह हैदराबाद स्थित स्टार अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. वह 88 वर्ष के थे. रामोजी समूह के चैनल में से एक ईटीवी तेलंगाना के अनुसार राव बीमार थे और पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था. शनिवार की सुबह चार बजकर 50 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली. राव के पार्थिव शरीर को रामोजी फिल्म सिटी में उनके आवास पर ले जाया गया. उनके निधन पर पीएम मोदी समेत कई लोगों ने दुख जताया है.

विज्ञापन

नरेंद्र मोदी ने रामोजी राव के निधन पर जताया दुख
रामोजी राव के निधन पर नरेंद्र मोदी ने भी दुख जाहिर किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि रामोजी राव गारू का निधन अत्यंत दुःखद है. वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी. उनके समृद्ध योगदान ने पत्रकारिता और फिल्म जगत पर अमिट छाप छोड़ी है. अपने उल्लेखनीय प्रयासों से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार और उत्कृष्टता के नये मानक स्थापित किये. रामोजी राव गारू भारत के विकास को लेकर बेहद भावुक थे. मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनके साथ बातचीत करने और उनकी बुद्धिमत्ता से लाभ उठाने के कई अवसर मिले. इस कठिन समय में उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना.

राजनाथ सिंह ने जताया दुख
वहीं राजनाथ सिंह ने भी उनके निधन पर दुख जाहिर किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि रामोजी राव के निधन से दुःख हुआ है. वह तेलुगु मीडिया के पुरोधा थे जिन्होंने मीडिया, फिल्म और मनोरंजन उद्योग पर गहरी छाप छोड़ी. उनका निधन मीडिया और फिल्म जगत के लिए एक बड़ी क्षति है. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं.

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
तेलंगाना सरकार ने मीडिया दिग्गज और ईनाडु ग्रुप के चेयरमैन सीएच रामोजी राव का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य के मुख्य सचिव को आदेश जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव के माध्यम से रंगारेड्डी कलेक्टर और साइबराबाद आयुक्त को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था की निगरानी करने के आदेश दिए हैं.

साधारण परिवार में हुआ था रामोजी राव का जन्म
रामोजी राव का जन्म 16 नवंबर 1936 में हुआ था. उनका पूरा नाम चेरूकुरी रामोजी राव था. वो आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले के एक मध्यमवर्गीय कृषक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन अपनी प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत के कारण उन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया. रामोजी राव को भारत का रुपर्ट मर्डोक भी कहा जाता है. वे रामोजी ग्रुप के चेयरमैन थे. बता दें, रामोजी ग्रुप में दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी, मार्गदर्शी चिटफंड, ईनाडू तेलुगु अखबार, ईटीवी नेटवर्क, प्रिया फूड्स, डॉल्फिन हॉटल्स, उषा किरण मूवीज आदि शामिल है. रामोजी फिल्म सिटी हैदराबाद की स्थापना रामोजी ने 1996 में की थी.

गौरतलब है कि रामोजी फिल्म सिटी दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म शूटिंग स्टूडियो माना जाता है.  रामोजी राव का स्टूडियो 1600 एकड़ से ज्यादा में फैला हुआ है. यहां 50 से ज्यादा शूटिंग फ्लोर है.  कई फिल्मों की शूटिंग रामोजी राव के स्टूडियो में हुई है. जिसमें बाहुबली समेत सूर्यवंशम, दिलवाले और कई नाम शामिल हैं.  रामोजी राव के निधन से पूरी मीडिया इंडस्ट्री समेत फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक हलकों में शोक है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनके निधन की खबर सुनकर टीडीपी सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू दिल्ली से हैदराबाद रवाना हो गये हैं. रामोजी राव के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए वो हैदराबाद जा रहे हैं. 

Also Read: नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण समारोह, दिल्ली में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, इन पड़ोसी देशों के प्रमुख बनेंगे गवाह

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola