Farmers Tractor Rally: ट्रैक्टर परेड में हुई हिंसा मामले में 200 से ज्यादा लोग हिरासत में, लूट, डकैती और हत्या की कोशिश में मुकदमा दर्ज
Red Fort
Farmers Tractor Parade Rally LIVE: गणतंत्र दिवस (Republic Day) के दिन दिल्ली में केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की ट्रैक्टर रैली (Farmers Tractor Rally) में हिंसा हुई. कई जगह कई बैरिकेड्स तोड़ दिए गए. वहीं कई जगहों से किसानों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं. दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड की लेटेस्ट अपडेट के लिए बने रहिए प्रभात खबर के साथ.
22 FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में किसानों की ट्रैक्टर परेड के मामले में 22 FIR दर्ज की है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, ‘‘पूर्वी जिले में 5 प्राथमिकी दर्ज की गयी है , वहीं द्वारका में तीन तथा शाहदरा जिले में एक मामला दर्ज किया गया है.” जानकारी के मुताबिक और भी मामले दर्ज होने के आसार हैं.
दिल्ली में हुए हिंसा में 83 पुलिसकर्मी घायल : दिल्ली पुलिस
ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में आज हुए आंदोलनकारी किसानों के हिंसक प्रदर्शन में 83 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. दिल्ली पुलिस ने इसकी जानकारी दी है. बता दें कि नये कृषि कानूनों को वापस लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को दिल्ली पुलिस ने उनकी मांग को मानते हुए गणतंत्र दिवस समारोह समाप्त होने के बाद तय रास्ते पर ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दी थी. लेकिन, किसानों ने तय समय से पहले ही मध्य दिल्ली के लिए कूच किया जिससे हंगामे की स्थिति पैदा हो गयी.
तानाशाही कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए : ममता
ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केन्द्र को किसानों से बातचीत करनी चाहिए और तानाशाही कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए.
दिल्ली में स्थिति की जानकारी गृह सचिव ने गृहमंत्री शाह को दी
केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने मंगलवार को दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड से जुड़ी स्थिति की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह को दी. अधिकारी ने बताया कि गृह सचिव ने केन्द्रीय गृह मंत्री से मिलकर उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के हालात और शांति बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी. बैठक में कुछ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे. केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली के कई हिस्सों में इंटरनेट सेवा पर अस्थाई रोक लगा दी है. वहीं, एएनआई की रिपोर्ट में हरियाणा सरकार के हवाले से बताया गया है कि कल यान बुधवार शाम 5 बजे तक हरियाणा के सोनीपत, पलवल और झज्जर जिलों में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं निलंबित रहेंगी.
दिल्ली में हिंसा की घटनाओं से पूरा देश क्षुब्ध, तीनों कानून वापस ले सरकार: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रदर्शनकारी किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में कई स्थानों पर हुई हिंसक झड़प तथा लाल किले पर झंडे लहराए जाने को लेकर मंगलवार को कहा कि वह और पूरा देश इस तरह की हिंसक एवं अराजक घटनाओं से क्षुब्ध है तथा आंदोलनकारियों को अपने ध्येय को ध्यान में रखना होगा. पार्टी ने यह मांग फिर दोहराई कि प्रधानमंत्री को अपना राजहट छोड़कर तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए