नेपाल के कामी रीता शेरपा ने 32वीं बार माउंट एवरेस्ट को किया फतह, विश्व रिकॉर्ड बनाया
कामी रीता शेरपा और माउंटेन क्वीन, फोटो एक्स
Everest Man: नेपाल के पर्वतारोही (Mountaineer) कामी रीता शेरपा ने रविवार को दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी ‘माउंट एवरेस्ट’ को 32वीं बार फतह करके इतिहास रच दिया. शेरपा को एवरेस्ट मैन के नाम से भी जाना जाता है.
Everest Man: शेरपा ने एवरेस्ट पर सबसे अधिक बार सफलता पूर्वक चढ़ाई करने का अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया. पर्यटन विभाग के अनुसार, 56 साल के अनुभवी पर्वतारोही रविवार को सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर 8,849 मीटर ऊंचे शिखर पर पहुंचे. विभाग ने बताया कि शेरपा 14 पीक्स एक्सपेडिशन द्वारा संचालित एक अभियान का नेतृत्व कर रहे थे. इसी तरह नेपाल की माउंटेन क्वीन के नाम से मशहूर लाकपा शेरपा ने 11वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने शेरपा को बधाई दी
बालेन शाह ने शेरपा को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा- माउंट एवरेस्ट, जो दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है, केवल एक भौगोलिक ऊंचाई भर नहीं है; यह नेपाल के आत्म-सम्मान, साहस, धैर्य और हिमालयी सभ्यता का सर्वोच्च प्रतीक है. आज इस गौरवशाली पर्वत पर, नेपाली पर्वतारोहियों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. विश्व-प्रसिद्ध पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने आज सुबह 10:12 बजे 32वीं बार सफलतापूर्वक माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर, सबसे अधिक बार चढ़ाई करने का अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है. माउंटेन क्वीन के नाम से मशहूर लाकपा शेरपा ने आज सुबह 9:30 बजे 11वीं बार माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर, किसी महिला पर्वतारोही द्वारा सबसे अधिक बार चढ़ाई करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है.
पर्यटन विभाग ने शेरपा को दी बधाई
पर्यटन विभाग ने शेरपा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि नेपाल के पर्वतारोहण क्षेत्र और देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा में महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है.
कौन हैं शेरपा?
जनवरी 1970 में कोशी प्रांत के सोलुखुम्बु जिले के एक गांव में जन्मे कामी रीता ने 1992 में एक पेशेवर पर्वतारोही के रूप में अपना करियर शुरू किया. शेरपा ने पहली बार 1994 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी. उन्होंने 27 मई, 2025 को एवरेस्ट पर 31वीं बार सफलतापूर्वक चढ़ाई की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए