Sameer Wankhede: समीर वानखेड़े के पिता ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, नवाब मलिक पर ठोका मानहानि का केस

Sameer Wankhede: समीर वानखेड़े के पिता ध्यानदेव के द्वारा दायर मानहानि केस में कहा गया है कि मलिक ने पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर वादी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम, चरित्र, प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को अपूरणीय क्षति पहुंचाने का काम किया है.
Sameer Wankhede : महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक की मुश्किलें बढ़ सकतीं हैं. दरअसल समीर वानखेड़े के पिता ध्यानदेव वानखेड़े ने नवाब मलिक के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और मानहानि का केस दर्ज करवाया है. आपको बता दें कि समीर वानखेड़े मुंबई एनसीबी के जोनल डायरेक्टर हैं जो आर्यन खान, नवाब मलिक के दामाद समीर खान समेत बॉलीवुड से जुड़े तमाम केसों में जांच अधिकारी थे. हालांकि, पिछले दिनों उनसे आर्यन खान समेत 6 केस वापस लेने का फैसला लिया गया था.
समीर वानखेड़े के पिता ध्यानदेव के द्वारा दायर मानहानि केस में कहा गया है कि मलिक ने पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर वादी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम, चरित्र, प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को अपूरणीय क्षति पहुंचाने का काम किया है. ध्यानदेव ने नवाब मलिक पर 1.25 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा ठोका है जिसकी सोमवार को सुनवाई होनी है.
महाराष्ट्र के वरिष्ठ मंत्री नवाब मलिक समीर वानखेड़े पर लगातार हमलावर हैं. छह केस वापस लिये जाने के बाद मलिक ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि मैंने आर्यन खान के अपहरण और फिरौती की मांग के लिए समीर दाऊद वानखेड़े के खिलाफ एसआईटी जांच की मांग की थी. अब दो एसआईटी (राज्य और केंद्र) का गठन करने का काम किया गया है. देखते हैं कि कौन मामले की तह तक जाता है और वानखेड़े की निजी सेना का पर्दाफाश करने में सफलता पाता है.
इधर एनसीबी की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) शनिवार को मुंबई पहुंच चुकी है. शुक्रवार को एनसीबी ने छह मामलों की जांच को एसआईटी को स्थानांतरित कर दिया, जिसमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़ा विवादास्पद क्रूज ड्रग्स मामला भी शामिल है.
Also Read: नवाब मलिक का दावा- मांगी गई थी फिरौती, समीर वानखेड़े ने एक्सटॉर्शन के लिए किया था आर्यन खान का किडनैप
महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के आरोपों से एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े का परिवार आहत है. समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर वानखेड़े ने पिछले दिनों कहा कि समीर वानखेड़े एक ईमानदार अफसर है तो मुझे लगता है कि उनके काम करने की शैली से बहुत लोगों को परेशानी होती होगी. बहुत लोग चाहते होंगे कि वह कुर्सी से हट जाएं और उनकी परेशानी का अंत हो जाए. उन्होंने कहा कि हमें सुरक्षा दी गई है क्योंकि हमें जान का खतरा है. हमें, हमारे बच्चों को और मेरे परिवार को डराने-धमकाने का काम किया जा रहा है. कोई हमारी तरफ देखता है तो लगता है कि क्यों देख रहा है. हमने सारे मैसेज संभाल कर रखे हैं और समय आने पर सामने रखेंगे.
एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े की बहन यास्मीन ने पिछले दिनों नवाब मलिक पर हमला करते हुए कहा कि नौकरशाह के जन्म प्रमाण पत्र की तलाश करने वाला वह कौन होता है? हमें जान का खतरा है. हमें धमकी भरे कॉल आ रहे हैं. मुझे लगता है कि मुझे भी हर रोज झूठे सबूत पेश करने चाहिए.
Posted By : Amitabh Kumar
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




