Breaking News: उद्धव सरकार को सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दें- गवर्नर से फडणवीस की मांग
Breaking News Updates : महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिले और मांग की कि वह उद्धव ठाकरे सरकार को सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दें, क्योंकि 39 विधायक अब शिवसेना के साथ नहीं हैं. गुवाहाटी में एकनाथ शिंदे ने अपने साथी विधायकों की आपातकालीन बैठक बुला ली है.
उद्धव सरकार को सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दें- गवर्नर से फडणवीस की मांग
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज रात राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की. इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि ई-मेल के जरिये और प्रत्यक्ष रूप से राज्यपाल को हमने एक पत्र दिया है. हमने कहा है राज्य की जो परिस्थिति है, उसमें शिवसेना के 39 विधायक राज्य से बाहर हैं. वे लगातार कह रहे हैं कि वे एनसीपी-कांग्रेस के साथ सरकार में नहीं रहना चाहते. इसका सीधा अर्थ है कि ये 39 विधायक महाविकास आघाड़ी को समर्थन नहीं देना चाहते. इसलिए हमने मांग की है कि सरकार अल्पमत में दिखाई पड़ती है. सो आप मुख्यमंत्री को निर्देश दें कि वे सदन में अपना बहुमत साबित करें. उधर, गुवाहाटी में एकनाथ शिंदे ने अपने साथी विधायकों की आपातकालीन बैठक बुला ली है.
महाराष्ट्र के 8 निर्दलीय विधायकों ने ई-मेल से फ्लोर टेस्ट की मांग की, फडणवीस राज्यपाल से मिले
महाराष्ट्र के 8 निर्दलीय विधायकों ने ई-मेल के जरिये राज्यपाल को एक पत्र भेजा है, जिसमें तत्काल फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की गयी है. इसमें कहा गया है कि नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस राज्यपाल से मिलकर इसके बारे में अपनी मांग रखेंगे. सूत्रों के हवाले से न्यूज एएजेंसी एएनआई ने यह खबर दी है. वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि 30 जून को दिन में 11 बजे महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है.
डिब्बा बंद दही, पनीर पर अब लगेगा जीएसटी, क्षतिपूर्ति व्यवस्था आगे भी जारी रखने की मांग
अब दही, पनीर, शहद, मांस और मछली जैसे डिब्बा बंद और लेबल-युक्त खाद्य पदार्थों पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लगेगा. साथ ही चेक जारी करने के एवज में बैंकों की तरफ से लिये जाने पर शुल्क पर भी जीएसटी देना पड़ेगा. अधिकारियों ने कहा कि माल एवं सेवा कर से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लेने वाली शीर्ष निकाय जीएसटी परिषद ने दरों को युक्तिसंगत बनाने के मकसद से छूट वापस लेने को लेकर राज्यों के वित्त मंत्रियों के समूह की ज्यादतातर सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता वाली परिषद में राज्यों के वित्त मंत्री शामिल हैं. परिषद ने दो दिन की बैठक के पहले दिन मंगलवार को जीएसटी से छूट की समीक्षा को लेकर मंत्री समूह (जीओएम) की सिफारिशों को स्वीकार कर लिया.
महाराष्ट्र में राज्यपाल से मिलने पहुंचें देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने के लिए देवेंद्र फडणवीस पहुंचे हैं. अभी यह मालूम नहीं हुआ है कि किस मामले पर बात करने के लिए देवेंद्र फडणवीस राज्यपाल से मिलने पहुंचे हैं. फडणवीस ने इससे पहले दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी.
टेलर की हत्या के बाद केंद्र ने एनआईए की टीम को उदयपुर भेजा
दर्जी की हत्या के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आतंकवाद निरोधी जांच एजेंसी एनआईए की टीम उदयपुर भेजी. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है.
उदयपुर के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू
उदयपुर में एक युवक की गला काटकर निर्मम हत्या के बाद सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है. न्यूज चैनल्स ने यह जानकारी दी है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए