Breaking News Live: श्रीलंका में नये PM एवं कैबिनेट की होगी नियुक्ति, बोले राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे
Breaking News LIVE Today: ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे पर वाराणसी कोर्ट में सुनवाई पूरी, कल आयेगा आदेश. श्रीलंका में नये प्रधानमंत्री एवं कैबिनेट की होगी नियुक्ति, बोले राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे. छत्तीसगढ़ में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. ताजा अपडेट्स के लिए बने रहें हमारे साथ…
श्रीलंका में नये प्रधानमंत्री एवं कैबिनेट की होगी नियुक्ति, बोले राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे
संकट में घिरे श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने बुधवार को कहा कि वह इसी हफ्ते नये प्रधानमंत्री एवं मंत्रिमंडल की नियुक्ति करेंगे, जो संवैधानिक सुधार पेश करेगा. देश में गंभीर आर्थिक संकट के चलते सरकार के विरुद्ध व्यापक प्रदर्शन हो रहे हैं. राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में गोटबाया ने यह भी कहा कि नये प्रधानमंत्री एवं सरकार को नियुक्त करने के बाद संविधान में 19वें संशोधन की सामग्री तैयार करने के लिए एक संवैधानिक संशोधन पेश किया जायेगा, जो संसद को और शक्तियां प्रदान करेगा.
दिल्ली में मिले 970 कोरोना संक्रमित
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज 970 कोरोना से संक्रमित लोग मिले. एक्टिव केस की संख्या 5,202 हो गयी है.
बांदीपोरा में एक आतंकवादी ढेर
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर हो गया. मारे गये आतंकी के पास से एक एके राइफल, तीन मैगजीन बरामद हुए हैं. मारा गया आतंकवादी हाल ही में घुसपैठ करने वाले समूह का सदस्य था. दो अन्य आतंकवादियों की तलाश की जा रही है. कश्मीर पुलिस के आईजीपी विजय कुमार ने बुधवार को यह जानकारी दी.
हिमाचल विधानसभा के द्वार पर खालिस्तानी झंडे लगाने वाला गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने धर्मशाला में राज्य की शीतकालीन विधानसभा के मुख्य द्वार पर खालिस्तान के झंडे लगाने और उसकी दीवारों पर नारे लिखने के मामले में बुधवार को पंजाब से हरवीर सिंह को गिरफ्तार किया. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जायेगा.
434 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त
डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने 62 किलो हेरोइन जब्त की है, जिसका बाजार मूल्य 434 करोड़ रुपये आंका गया है. डीआरआई के द्वारा जब्त की गयी अब तक ही यह सबसे बड़ी खेप है. डीआरआई ने यह जानकारी दी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए