Live Updates

Breaking News: दिल्ली में कोरोना से दो 2 लोगों की मौत, 433 लोग संक्रमित मिले

Updated:
विज्ञापन

Breaking News updates: दिल्ली में कोरोना से दो 2 लोगों की मौत, 433 लोग संक्रमित मिले. असम के तिनसुकिया जिले में उल्फा (आई) के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी. असम में नगांव जिले के एक गांव की ‘कंगारू अदालत’ (अवैध अदालत) के फैसला सुनाये जाने के बाद एक व्यक्ति को जिंदा जला दिया गया. राष्ट्रपति चुनाव को लेकर आज दिल्ली में NDA नेताओं की अहम बैठक होगी. देश और दुनिया की बड़ी खबर के लिए बनें रहें हमारे साथ

विज्ञापन

असम में बाढ़ से दो और लोगों की मौत, स्थिति में सुधार

असम राज्य में बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार होने के बावजूद रविवार को दो और लोगों की मौत हो गयी. एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) बुलेटिन के अनुसार, दोनों मौतें हैलाकांडी जिले में हुईं. इस साल बाढ़ और भू-स्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या 192 हो गयी. बुलेटिन के मुताबिक, अभी भी 12 जिलों में 5,39,334 लोग बाढ़ से पीड़ित हैं. 18 राजस्व मंडलों के कुल 390 गांव जलमग्न हैं. कछार सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 3,55,960 लोग अब भी प्रभावित हैं, इसके बाद मोरीगांव में 1,42,662 लोग बाढ़ की चपेट में हैं.

अन्नाद्रमुक की बड़ी बैठक सोमवार को, पलानीस्वामी बन सकते हैं पार्टी प्रमुख

तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक की आम परिषद और कार्यकारी समिति की 11 जुलाई को होने वाली ऐतिहासिक बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री ईके पलानीस्वामी को पार्टी के एकल सर्वोच्च नेता के रूप में चुने जाने की उम्मीद है. जहां मद्रास हाईकोर्ट बैठक आयोजित करने के खिलाफ एक याचिका पर सोमवार सुबह अपना फैसला सुनाने के लिए तैयार है, वहीं शहर के बाहरी इलाके में एक मैरिज हॉल के परिसर में बैठक आयोजित करने के लिए सारी व्यवस्थाएं की गयी है. कार्यक्रम की मेजबानी करने और लगभग 3,000 पदाधिकारियों को समायोजित करने के लिए परिसर में एक बड़े खुले क्षेत्र को टिन की छत से ढका गया है. लगभग 80 फुट लंबा और 40 फुट चौड़ा एक भव्य मंच वरिष्ठ नेताओं के लिए तैयार किया गया है.

दिल्ली में कोरोना से दो 2 लोगों की मौत, 433 लोग संक्रमित मिले

दिल्ली में कोरोना के संक्रमण से 2 लोगों की मौत हो गयी. पिछले 24 घंटे के दौरान 433 लोग कोरोना से संक्रमित पाये गये. एक्टिव केस की संख्या 2,146 हो गयी है. पॉजिटिविटी रेट 2.96 रह गयी है.

मिंटू गैंग के तीन ठग आगरा से गिरफ्तार

उत्तराखंड की चंपावत पुलिस ने इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले मिंटू गैंग के तीन अंतरराज्यीय ठगों को आगरा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि फरवरी 2022 में बनबसा के चंदनी गांव की ज्योति चंद्र ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि उसके पति त्रिभुवन चंद्र ने विमानन कंपनी इंडिगो में नौकरी का विज्ञापन देखकर अपना बायोडाटा भेजा था, जिसके बाद तीन अलग-अलग व्यक्तियों ने फोन कर खुद को कंपनी का अधिकारी बताते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 2.55 लाख रुपये की ठगी की.

असम के तिनसुकिया में पुलिस और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़

असम के तिनसुकिया जिले में उल्फा (आई) के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी. पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बोर्डुमसा थाना क्षेत्र के कुजुपाथर में छापा मारा. उप महानिरीक्षक (एनईआर) जितमोल डोले के नेतृत्व वाली टीम पर आतंकवादियों ने हमला किया था. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और कुछ देर तक मुठभेड़ चलती रही.

भारत श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है: विदेश मंत्रालय

कोलंबो में तेजी से हो रहे घटनाक्रम पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में भारत ने रविवार को कहा कि वह श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है, क्योंकि वे लोकतांत्रिक तरीकों, मूल्यों और संवैधानिक मार्ग के जरिये समृद्धि और प्रगति के लिए अपनी आकांक्षाओं को साकार करना चाहते हैं. विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत श्रीलंका के घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है और वह उन कई चुनौतियों से अवगत है, जिनका देश और उसके लोग सामना कर रहे हैं. श्रीलंका में राष्ट्रपति राजपक्षे के इस्तीफे की मांग करते हुए शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने मध्य कोलंबो के कड़ी सुरक्षा वाले फोर्ट इलाके में राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास में धावा बोल दिया था. इसके बाद राजपक्षे ने घोषणा की थी कि वह इस्तीफा दे देंगे.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola