Breaking News: पूर्वी लद्दाख में गश्त चौकी-15 से भारतीय और चीनी सैनिक पीछे हटे
Breaking News Today : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को एक बस के खड़े ट्रक से टकरा जाने से सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी केस की सुनवाई को हरी झंडी मिल गयी है. सोनाली फोगाट की मौत के मामले की जांच सीबीआई करेगी. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं. जानें बिहार- झारखंड समेत अन्य राज्यों की बड़ी खबरें.
पूर्वी लद्दाख में गश्त चौकी-15 से भारतीय और चीनी सैनिक पीछे हटे
भारत और चीन की सेनाओं ने सोमवार को पूर्वी लद्दाख में गोगरा-हॉटस्प्रिंग्स क्षेत्र में गश्त चौकी-15 के गतिरोध वाले स्थान से सैनिकों को पीछे हटाने की पांच दिवसीय प्रक्रिया के तहत अग्रिम मोर्चे के अपने सैनिकों को पीछे के स्थानों पर भेज दिया. इसके साथ ही, वहां के अस्थायी बुनियादी ढांचे को भी ध्वस्त कर दिया गया है. सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्ष योजना के अनुसार पीछे हट गए हैं, जिसमें पूरी प्रक्रिया का संयुक्त रूप से सत्यापन करना भी शामिल है. एक सूत्र ने कहा कि पीछे हटने और सत्यापन प्रक्रिया के बारे में स्थानीय कमांडर से पूरी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. दोनों पक्ष गश्त चौकी-15 (पीपी-15) से पीछे हट गए हैं, लेकिन डेमचोक और देपसांग क्षेत्रों में गतिरोध को हल करने में अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है. भारत और चीन की सेनाओं ने आठ सितंबर को घोषणा की थी कि उन्होंने क्षेत्र में गतिरोध वाले स्थानों से सैनिकों को हटाने के लिए रुकी हुई प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पीपी-15 से सैनिकों को हटाना शुरू कर दिया है.
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने आरएसएस पर बोला हमला
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरएसएस पर हमला करते हुए पूछा कि उनका (आरएसएस) हिंदुत्व कहां से आता है? वे किस संप्रदाय का पालन करते हैं? वे किस भगवान या देवी को मानते हैं?
खुदरा मुद्रास्फीति अगस्त में बढ़कर सात फीसदी पर
खाने का सामान महंगा होने से खुदरा महंगाई दर अगस्त महीने में बढ़कर सात प्रतिशत पर पहुंच गई. सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है. एक महीने पहले जुलाई में यह 6.71 प्रतिशत थी. उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति लगातार आठवें महीने रिजर्व के संतोषजनक स्तर की ऊपरी सीमा से ऊंची बनी हुई है. सरकार ने आरबीआई को खुदरा मुद्रास्फीति दो प्रतिशत से छह प्रतिशत के बीच रखने की जिम्मेदारी दी हुई है. आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर अगस्त में 7.62 प्रतिशत रही, जो जुलाई में 6.69 प्रतिशत थी. वहीं पिछले साल अगस्त में यह 3.11 प्रतिशत थी.
टी-20 वर्ल्ड कप के ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा
टी-20 वर्ल्ड कप के ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई. इसमें जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की टीम में वापसी की गई है.
शोपियां में मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर, सुरक्षाकर्मी घायल
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सोमवार को शुरू हुई मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया और एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने जिले के हेफ शिरमल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां बरसाईं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलाईं और मुठभेड़ शुरु हो गई. अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया. इस दौरान सुरक्षा बल के एक जवान के घायल होने की खबर है. उन्होंने बताया कि आतंकियों की तलाश के लिए अभियान जारी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए