पाक का F-16 मार गिराने वाले विंग कमांडर अभिनंदन ने IAF से लिया रिटायरमेंट, अब उड़ाएंगे कमर्शियल प्लेन
ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान
भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने IAF से प्री-मैच्योर रिटायरमेंट ले ली है. 22 साल की सेवा के बाद, वे अब कमर्शियल पायलट के तौर पर सिविल एविएशन क्षेत्र में कदम रख रहे हैं.
Abhinandan Retirement : साल 2019 में पाकिस्तान के अत्याधुनिक F-16 फाइटर जेट को अपने मिग-21 से मार गिराने वाले जांबाज पायलट अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना को अलविदा कह दिया है. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने एयरफोर्स से प्री-मैच्योर रिटायरमेंट (समय से पहले सेवानिवृत्ति) ले ली है और अब नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं. वायुसेना में ग्रुप कैप्टन के पद पर रहे अभिनंदन ने गोवा स्थित रीजनल एयरलाइन 'FLY91' को बतौर कमर्शियल पायलट जॉइन कर लिया है.
22 साल की सेवा के बाद नई उड़ान
अभिनंदन ने वायुसेना में 22 साल तक शानदार सेवाएं दीं. हालांकि, इस नए सफर पर अभी तक उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, वहीं एयरलाइन ने भी इसे कर्मचारी की निजी जानकारी बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. आपको बता दें कि FLY91 एक घरेलू एयरलाइन है, जिसके पास ATR 72-600 विमानों का बेड़ा है और यह गोवा तथा हैदराबाद से अपनी उड़ानें संचालित करती है.
जब 3 दिन तक पाकिस्तान में रहे थे बंदी
फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में जब भारत ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी, तब अगले ही दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की थी. तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन ने अपने पुराने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान के अत्याधुनिक F-16 विमान का पीछा किया और उसे मार गिराया. डॉगफाइट के दौरान उनका विमान भी क्रैश हो गया और वे पैराशूट से पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतरे, जहां उन्हें तीन दिनों तक बंदी बनाकर रखा गया.
अदम्य साहस के लिए मिला था 'वीर चक्र'
पाकिस्तानी सेना की हिरासत में भी अभिनंदन ने जिस निडरता और संयम का परिचय दिया, उसने उन्हें पूरे देश का हीरो बना दिया था. भारी कूटनीतिक दबाव के बाद पाकिस्तान को 1 मार्च 2019 की रात उन्हें अटारी-वाघा बॉर्डर पर छोड़ना पड़ा. बाद में भारत सरकार ने उनके असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें देश के तीसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पदक 'वीर चक्र' से सम्मानित किया था.
ये भी पढ़ें: VIDEO : न तैरना आता था न सुरक्षा के साधन, 20 साल के बिट्टू ने अकेले ही साफ कर डाली अजनार नदी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए